कन्नौज : जल जीवन मिशन की प्रगति पर सख्त समीक्षा, गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर जोर

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।   जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जल जीवन मिशन योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पेयजल योजनाओं के क्रियान्वयन, गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद में संचालित समस्त पेयजल योजनाओं की क्रॉस चेकिंग कराई जाए, जिससे कार्यों की गुणवत्ता एवं वास्तविक स्थिति का आकलन हो सके। उन्होंने कार्यदायी संस्था वीएसए द्वारा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर तत्काल पत्राचार कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि 637 के सापेक्ष अब तक 70 नल जल मित्रों का प्रशिक्षण कर चयन किया जा चुका है। शेष नल जल मित्रों के प्रशिक्षण एवं चयन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही, सभी कार्यों की शत-प्रतिशत जियो टैगिंग सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया, ताकि योजनाओं की निगरानी प्रभावी ढंग से की जा सके।

जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, जल निगम को सक्रिय भूमिका निभाते हुए कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माणाधीन पेयजल टंकियों के कार्यों की स्थलीय समीक्षा स्वयं की जाएगी। इसके अंतर्गत विकासखण्ड उमर्दा के चंदौली, विकासखण्ड सौरिख के शिवसिंहपुर एवं कबीरपुर, विकासखण्ड हसेरन के चपुन्ना तथा विकासखण्ड कन्नौज के मानीमऊ में निर्माणाधीन पेयजल टंकियों का निरीक्षण प्रस्तावित है।

बैठक में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी नरेन्द्र देव द्विवेदी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।