कन्नौज : नवागत सीडीओ की अध्यक्षता में आयोजित हुआ किसान दिवस, कई समस्याएं उठीं

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  आज जनपद में किसान दिवस का आयोजन राजेन्द्र कुमार श्रीवास, मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में चौधरी चरण सिंह, सभागार कृषि भवन में किया गया। किसान दिवस में आए किसानों की समस्याओं एवं जिज्ञासाओं के समाधान / निराकरण के लिए उप कृषि निदेशक, जिला उद्यान अधिकारी, प्रभारी मण्डी सचिव, नलकूल विभाग, जिला कृषि अधिकारी, जिला प्रबन्धक, फसल बीमा कम्पनी, दुग्ध पर्वेक्षक, प्रतिनिधि विद्युत विभाग, प्रतिनिधि भूमि संरक्षण विभाग, प्रतिनिधि प्रभारी मण्डी सचिव, प्रतिनिध सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक सहायक निबन्धक सहाकारिता, प्रतिनिध मुख्य पशुचिकित्साधिकारी एवं कृषि विज्ञान केन्द्र, अनौगी के वैज्ञानिक डा० सुशील कुमार सहित लगभग 50 प्रगतिशील कृषक उपस्थित रहे। 

 उप कृषि निदेशक द्वारा अवगत कराया गया कि विगत माह की बैठक में निस्तारित शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए सम्बन्धित विभागों के बिन्दुओं पर चर्चा की गयी।

 कृषि विज्ञान केन्द, अनौगी के वैज्ञानिक डा० सुशील कुमार द्वारा उपस्थित कृषक भाईयों को बताया गया कि कृषक अपने खेतों में पराली न जलाये फसल अवशेष को काटकर खेतों में मिलाए। फली फसल जैसे उर्द, मूंग, ऊँचा सनई की बुवाई करें। धान की फसल हेतु खेत में ऊँची जगह का चुनाव करें एवं सरसों की खली का प्रयोग नर्सरी डालने से पूर्व करें।

 जिला उद्यान अधिकारी सी०पी० अवस्थी ने उद्यान विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं यथा पी०एम० एफ०एम०ई० एवं विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की जानकारी देते हुए बताया कि पी०एम०के०एस०वाई० योजना में 80 से 90 प्रतिशत अनुदान पर ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई योजना का किसान भाई लाभ ले सकते हैं। उनके द्वारा यह भी बताया गया कि किसान भाई उद्यान विभाग की योजनाओं का लाभ लेने के लिए आधार, खतौनी, पासबुक की छायाप्रति एवं दो पासपोर्ट साइज के फोटो लाकर के किसी भी कार्यदिवस में उद्यान विभाग में अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

 उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा० सारिका मल्ल द्वारा बताया गया कि वर्षा ऋतु शुरु होने से पहले पशुओं का टीकाकरण सुबह अथवा सांय को ही कराया जाये जिससे आने वाली बीमारियों जैसे खुरपका, मुहपका एवं थनैला आदि पर निरन्तर पाया जा सके एवं विभाग द्वारा संचालित 50 मुर्गीयों की योजना अनुसूचित जाति की महिलाओं के लिए जिसमें दाना की सुविधा निःशुल्क है। महिला कृषक उक्त योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए वह अपने ग्राम के नजदीकी पशुचिकित्सालय जाकर आवेदन कर सकती है।

भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के सदस्य महेन्द्र प्रताप के द्वारा मतौली में विद्युत आपूर्ति पूर्ण रुप से संचालित न होने के कारण मक्का की फसल सूख रही है तथा स्मार्ट मीटर की समस्या उठायी गयी।

 मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास द्वारा उपस्थिम समस्त कृषकों द्वारा उठायी गयी विभिन्न विभागों की समस्याओं को प्राथमिकता से संज्ञान लिये जाने का आश्वासन दिया गया।

अभिलाष सिंह यादव निवासी ग्राम बिजनौरा, विकासखण्ड सौरिख के द्वारा अवगत कराया गया कि न्याय पंचायत डडौनी में साधन सहकारी समिति न होने के कारण किसानों को खाद की समस्या बताई गयी इस सम्बन्ध में अपर जिला सहकारी अधिकारी सदर श्री रामनिवास राणा द्वारा बताया गया कि 16 आवेदन प्राप्त हो गए है तत्काल समाधान किया जायेगा।

 जिला कृषि अधिकारी सन्तलाल गुप्ता द्वारा फसल विविधीकरण प्रक्रिया अपनायी जाये। विभाग द्वारा ई लाटरी प्रक्रिया 10 मई को सम्पन्न करायी गयी है जिसमें मूंगफली, उर्द, अरहर, मूंग, तिल, कोदो, रागी, सांवा आदि निःशुल्क वितरण किया जायेगा।

सन्तोष कुमार, उप कृषि निदेशक द्वारा अपील की गई कि जनपद में फार्मर रजिस्ट्री करवाने हेतु अपील की गयी ताकि कृषक भाई भविष्य में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।