कन्नौज : भीषण गर्मी मे राहत बस स्टैंड पर शीतल पेयजल एवं कूलर की व्यवस्था

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  जनपद में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी एवं लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन आमजन को राहत पहुंचाने के लिए संवेदनशील एवं सक्रिय भूमिका निभा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बस स्टैंड कन्नौज पहुंचकर यात्रियों एवं राहगीरों के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा मौके पर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी के निर्देश पर समस्त तहसीलो, नगर पालिका, नगर पंचायत, बस स्टैंड परिसर में यात्रियों की सुविधा हेतु शीतल पेयजल, पानी से भरे घड़े, कूलर एवं छायादार व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई है, जिससे तेज धूप एवं गर्म हवाओं के बीच लोगों को काफी राहत मिल रही है। बड़ी संख्या में यात्रियों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों ने इन व्यवस्थाओं का लाभ उठाया तथा जिला प्रशासन की इस मानवीय पहल की सराहना की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि गर्मी के इस कठिन समय में आमजन को राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पेयजल, कूलर एवं अन्य व्यवस्थाएं निरंतर सुचारु रूप से संचालित रहें तथा उनकी नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिला प्रशासन द्वारा किए गए इस प्रयास की जनपदवासियों द्वारा व्यापक सराहना की जा रही है। आम नागरिकों ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच प्रशासन द्वारा की गई यह व्यवस्था यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। यह पहल प्रशासन की जनसेवा, संवेदनशीलता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित करती है।

जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अत्यधिक गर्मी एवं लू से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियां अवश्य बरतें। उन्होंने लोगों से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, अधिक से अधिक पानी पीने तथा बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने का अनुरोध किया।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी श्री नरेंद्र देव दीवेदी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका कन्नौज, ए.आर.एम. रोडवेज सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।