बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। ‘यूएन वूमेन’ संयुक्त राष्ट्र महिला लैंगिक समानता पर काम करने वाला संगठन है। हाल ही में लखनऊ में आयोजित इसके कार्यक्रम में कन्नौज जनपद से इकलौती जनप्रतिनिधि के रूप में ग्रामीण सत्ता पंचायती राज संगठन की प्रदेश सचिव व ग्राम पंचायत पाला की प्रधान डॉ. अनामिका सिंह शामिल हुईं। उनको सम्मानित भी किया गया। बतौर मुख्य अतिथि के रूप में महिला कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य ने भी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम में इस फाउंडेशन का भारत में नेतृत्व करने वाली कांता सिंह ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण के लिए संयुक्त राष्ट्र संस्था, यूएन वूमेन की स्थापना की। पाला प्रधान ने बताया कि कार्यक्रम में उनका चयन आवेदन व ऑनलाइन साक्षात्कार के बाद हुआ। इसमें वही महिलाएं शामिल हो सकती हैं जो सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, बीडीसी, जिला पंचायत सदस्य व प्रधान आदि हैं या नेतृत्व की क्षमता रखती हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा पर भी बात रखी गई। मंत्री ने कहा कि कोई भी महिला परिवार छोड़कर राजनीति न करे। परिवार व राजनीति दोनों को ही देखे। आत्मनिर्भर बनने में अगर फंड की दिक्कत आएगी तो उसे भी दूर किया जाएगा। इस दौरान तनुज पुनिया व विधायक सुरभि यादव आदि कई लोग मौजूद रहे।
