कन्नौज: पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा केंद्रों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा

 बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। उत्तर प्रदेश पुलिस में पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने संयुक्त रूप से जनपद के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान परीक्षा कक्षों, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों की सुविधा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा की गोपनीयता एवं शुचिता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा शासन द्वारा निर्धारित सभी मानकों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि परीक्षा की सुरक्षा एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ संवेदनशील बिंदुओं की सतत निगरानी की जाएगी। किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि अथवा अवांछनीय तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जनपद के कुल 12 परीक्षा केन्द्रों पर दिनांक 08, 09 एवं 10 जून को प्रतिदिन दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 03:00 बजे से 05:00 बजे तक संचालित होगी। प्रत्येक पाली में 3,696 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे तथा तीन दिनों में कुल 22,176 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज सहित केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे l