कन्नौज। पारदर्शिता, सुरक्षा एवं शुचिता के साथ संपन्न हुई पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर रखी पैनी नजर

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के अंतर्गत जनपद में आयोजित भर्ती परीक्षा का अंतिम दिवस पूर्णतः शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित, निष्पक्ष एवं नकलविहीन वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। परीक्षा की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनपद के 12 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित परीक्षा के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा प्रबंधन, बायोमैट्रिक सत्यापन व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, कंट्रोल रूम संचालन, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया एवं परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। 

जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा से जुड़ी प्रत्येक प्रक्रिया को शासन की मंशा के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही एवं सतर्कता के साथ संपन्न कराया जाए।

उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षा की निष्पक्षता, शुचिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सतत निगरानी बनाए रखी जाए, सीसीटीवी कैमरे निरंतर सक्रिय रहें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश न छोड़ी जाए। साथ ही अभ्यर्थियों को सुरक्षित, अनुशासित एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराते हुए परीक्षा को पूरी गरिमा के साथ संपन्न कराया जाए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि परीक्षा की पवित्रता एवं गरिमा बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को पूरी मुस्तैदी एवं सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जनपद प्रशासन एवं पुलिस विभाग के समन्वित प्रयासों, सतत निगरानी तथा सुदृढ़ व्यवस्थाओं के परिणामस्वरूप पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 का आयोजन पूर्णतः शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिससे अभ्यर्थियों का चयन प्रक्रिया के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हुआ।