कन्नौज: पंचायत निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना (संशोधन) संख्या के अनुपालन में अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2026 के आधार पर पंचायत निर्वाचक नामावलियों के वृहद पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आज मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि जनपद कन्नौज में अंतिम प्रकाशित पंचायत मतदाता सूची में कुल 11,46,500 मतदाता सम्मिलित किए गए हैं, जिनमें 6,17,613 पुरुष मतदाता तथा 5,28,887 महिला मतदाता शामिल हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वृहद पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 23 दिसंबर, 2025 को प्रकाशित अनंतिम मतदाता सूची में कुल 11,56,949 मतदाता दर्ज थे। पुनरीक्षण अवधि के दौरान प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के परीक्षण और निस्तारण के उपरांत 33,222 नए मतदाताओं का परिवर्धन, 3,558 प्रविष्टियों का संशोधन तथा 43,671 मृतक, स्थानांतरित एवं डुप्लीकेट मतदाताओं का विलोपन किया गया। इस प्रक्रिया के परिणामस्वरूप कुल 10,449 मतदाता सूची से घटे तथा अंतिम सूची में मतदाताओं की संख्या 11,46,500 निर्धारित हुई।

उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराया गया है, जिससे पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में सम्मिलित करने तथा अपात्र प्रविष्टियों को हटाने का कार्य प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जा सका।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची की एक-एक प्रति संबंधित तहसील कार्यालयों, विकास खण्ड कार्यालयों तथा सभी मतदान केन्द्रों पर नियुक्त बीएलओ को उपलब्ध करा दी गई है। यह सूची आगामी एक सप्ताह तक जनसामान्य के निरीक्षण हेतु उपलब्ध रहेगी, जिससे नागरिक अपने नाम एवं विवरण का सत्यापन कर सकें।

इसके अतिरिक्त अंतिम मतदाता सूची की एक प्रति जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय), कक्ष संख्या-48, कलेक्ट्रेट, कन्नौज में भी निरीक्षण हेतु उपलब्ध रहेगी।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे प्रकाशित मतदाता सूची का अवलोकन कर अपने निर्वाचन संबंधी विवरणों का सत्यापन अवश्य करें तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाएं।