फर्रूखाबाद। (आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। फर्रूखाबाद से भाजपा सांसद मुकेश राजपूत ने दावा किया कि 14117/14118 कालिंद्री एक्सप्रेस हर हाल में पूर्वाेत्तर रेलवे के फर्रूखाबाद जंक्शन तक चलेगी।
श्री राजपूत ने आज गुरुवार को यह दावा पूर्वाेत्तर रेलवे फर्रूखाबाद जंक्शन स्टेशन पर 6 अगस्त 2023 को अनुमानित 21 करोड रुपए की लागत से घोषित अमृत भारत स्टेशन योजना के चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता आदि का जायजा लेने के साथ ही स्टेशन परिसर में वृक्षारोपण करने के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए किया।
मंडल के एक रेल अधिकारी द्वारा पूर्वाेत्तर रेलवे के मन्धना जंक्शन-कानपुर अनवरगंज के मध्य जल्द ही एलिवेटेड रेलवे ट्रैक निर्माण किए जाने के दौरान भिवानी-दिल्ली-फर्रूखाबाद कानपुर होकर प्रयागराज के मध्य चलने वाली 14117/14118 कालिंद्री एक्सप्रेस को मार्ग परिवर्तित कर संचालित किए जाने के दौरान कालिंद्री एक्सप्रेस के फर्रूखाबाद तक ना आने के दिए गए बयान को दृष्टिगत रखते हुए भाजपा सांसद मुकेश राजपूत ने बताया कि फर्रूखाबाद जंक्शन एवं मैनपुरी जंक्शन से दिल्ली आने जाने वाले बड़ी संख्या वाले रेल यात्रियों के लिए प्रतिदिन चलने वाली एक मात्र कालिंद्री एक्सप्रेस संचालित है। उन्होंने बताया कि जबकि टूंडला- शिकोहाबाद- इटावा होकर कानपुर और प्रयागराज तक चलने वाली तमाम गाड़ियां हैं।
आमजनों को कालिंद्री फर्रूखाबाद नहीं आएगी की अफवाहों से सावधान रहने की अपील करते हुए भाजपा सांसद श्री राजपूत ने बड़े विश्वास के साथ दावा किया कि 14117/ 14 118 कालिंद्री एक्सप्रेस पूर्वाेत्तर रेलवे के फर्रूखाबाद जंक्शन स्टेशन तक हर हाल में चलती रहे इसके विकल्प तलाश किया जा रहे हैं। उन्होंने माना कि फर्रूखाबाद जंक्शन स्टेशन पर कालिंद्री एक्सप्रेस ट्रेन की धुलाई, डिब्बो की ओवरहालिंग के लिए पिटलाइन नहीं है, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने का प्रयास होगा और जरूरत हुई तो कालिंद्री को कासगंज जंक्शन भेजने जाने पर विचार होगा। उन्होंने बताया कि उत्तर मध्य रेलवे के शिकोहाबाद- मैनपुरी- फर्रूखाबाद रेल लाइन पर प्रतिदिन चलने वाली कालिंद्री एक्सप्रेस ही एकमात्र ऐसी ट्रेन है जो दिल्ली राजधानी से सभी प्रकार के कामकाज करने वाले लोगों की सेवा करती है। उन्होंने कहा कि पूर्वाेत्तर रेलवे के फर्रूखाबाद जंक्शन स्टेशन तक कालिंद्री एक्सप्रेस हर हाल में चलेगी और बंद नहीं होने दिया जाएगा।
एक प्रश्न के उत्तर में सांसद श्री राजपूत ने रेल अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार बताया कि पूर्वाेत्तर रेलवे के फर्रूखाबाद जंक्शन स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्य, आगामी जून 2027 तक पूर्ण कर लिए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, अमृत भारत स्टेशन योजना में चयनित फर्रूखाबाद स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों में,आधुनिक ढंग का प्रतीक्षालय, एक्सीलेटर फुट ओवर ब्रिज,लिफ्ट, मुक्त वाई-फाई, प्लेटफार्म का सौन्दर्य करण, दिव्यांग जनों की विशेष सुविधाएं आदि की गुणवत्ता एवं गति में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
फर्रूखाबाद स्टेशन के गेट नंबर नौ के समीपवर्ती ग्राम ढिलावल के अंडरपास निर्माण की गुणवत्ता अच्छी न होने की शिकायत मिलने पर सांसद श्री राजपूत ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि इस अंडरपास जिन अधिकारियों ने निर्माण कार्य में मानक के विपरीत अनियमितताएं की है,उनकी शिकायतें उच्च अधिकारियों व रेल मंत्री से कार्रवाई करने की मांग की जाएगी। इस अवसर पर रेल के स्थानीय अधिकारी कर्मचारी, सांसद पीआरओ अनूप कुमार मिश्रा मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी आदि मौजूद रहे।
सांसद मुकेश राजपूत का दावा : फर्रूखाबाद-दिल्ली के बीच दौडेगी कालिंद्री एक्सप्रेस बंद नहीं होगी

