फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। तहसील सदर के संपूर्ण समाधान दिवस पर नगला दीना फतेहगढ़ निवासी समीर यादव ने प्रार्थना पत्र देकर फतेहगढ़ रेलवे स्टेशन रोड पर सरकारी सड़क की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की चल रही कार्यवाही को अंतिम रूप देने हेतु मजिस्ट्रेट नामित कर तिथि निर्धारित कर पुलिस बल उपलब्ध कराकर निर्धारित तिथि पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने की मांग की है।
समीर यादव ने दिए गए प्रार्थना पत्र में कहा है कि अप्रैल में की गई शिकायत पर अधिशासी अभियंता पार्टी खंड लोक निर्माण विभाग फतेहगढ़ द्वारा 18 अतिक्रमण कर्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। मजिस्ट्रेट नामित कराते हुए पुलिस बल उपलब्ध होते ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी, की आख्या लगाई है। उसके बाद फिर की गई शिकायत पर अधिशासी अभियंता द्वारा आख्या लगाई गई कि अंतिम नोटिस दिए गए हैं। जिला शासकीय अधिवक्ता से विधायी राय मांगी गई है। विधिक राय प्राप्त होते ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। जिला शासकीय अधिवक्ता द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने की विधिक राय दिए जाने के पश्चात भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई न करने पर पुनः की गई शिकायत पर अधिशासी अभियंता द्वारा आख्या लगाई गई कि अंतिम नोटिस दिनांक 29-04-2026 को दिए गए हैं। जिला शासकीय अधिवक्ता की विधिक राय प्राप्त हो गई है जिसके क्रम में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड फतेहगढ़ द्वारा अतिक्रमण कर्ता दुकानदारों से एक मुश्त धनराशि लेने के बाद महीना बंदी कर हर माह वसूली करने के कारण अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही नहीं की जा रही है । जिला शासकीय अधिवक्ता द्वारा अतिक्रमण हटाने की विधिक राय प्राप्त होने के बाद भी मजिस्ट्रेट नामित कराने तिथि निर्धारित कर पुलिस बल के लिए आवश्यक कार्रवाई नहीं किये जाने से स्पष्ट है कि उनके द्वारा की जा रही अवैध वसूली के कारण सरकारी सड़क की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्यवाही नहीं की जा रही है। अधिशासी अभियंता का ये कृत्य माननीय मुख्यमंत्री के सरकारी जमीन के अतिक्रमण को अविलंब हटाकर अवैध कब्जे से मुक्त कराने व जन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के आदेश की घोर अवहेलना का स्पष्ट प्रमाण है।
समीर यादव ने माननीय मुख्यमंत्री जी के आदेश अनुसार अतिक्रमण को अविलंब हटाकर शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंतिम रूप देते हुए मजिस्ट्रेट नामित कर तिथि निर्धारित कर पुलिस बल उपलब्ध कराकर निर्धारित तिथि पर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही करने की मांग की है। समीर यादव की शिकायत पर प्रभारी अधिकारी/ उप जिलाधिकारी तहसील सदर द्वारा अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग को पूर्व में लगाई गई आख्या का संदर्भ ग्रहण करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।
फतेहगढ़ रेलवे स्टेशन रोड पर सरकारी जमीन पर अतिक्रमण हटाने की मांग
