ग्रामीणों को मिल रही निर्बाध विद्युत आपूर्ति : कैलाश राजपूत
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत राज्य मंत्री कैलाश राजपूत ने आज विकास खंड उमर्दा के ग्राम फकीरेपुरवा में स्थापित सोलर प्लांट का निरीक्षण कर उसकी संचालन व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि गांव के सभी घरों तक इसी सोलर प्लांट के माध्यम से नियमित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आया है।
निरीक्षण के उपरांत आयोजित प्रेस वार्ता में ऊर्जा राज्य मंत्री ने कहा कि यह परियोजना ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं सतत ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा आधारित इस व्यवस्था से ग्रामीणों को पर्यावरण अनुकूल, किफायती एवं भरोसेमंद विद्युत सुविधा प्राप्त हो रही है, जिससे उनकी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति सुगमता से हो रही है।
श्री राजपूत ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य विकास की मुख्यधारा से जुड़े अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी उद्देश्य के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत सुविधाओं के विस्तार तथा अक्षय ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव-गांव तक गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ-साथ सौर ऊर्जा जैसी आधुनिक एवं पर्यावरण हितैषी तकनीकों को प्रोत्साहित कर रही है। इससे न केवल ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ेगी, बल्कि स्वच्छ पर्यावरण एवं सतत विकास के लक्ष्य को भी बल मिलेगा।
ऊर्जा राज्य मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की परियोजनाएं ग्रामीण विकास, ऊर्जा सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होंगी तथा उत्तर प्रदेश को ऊर्जा-सक्षम एवं आत्मनिर्भर राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

