फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। थाना क्षेत्र मोहम्दाबाद के गाँव सकवाई में बीते 15 जून को रिंकू उर्फ रजनीश शर्मा को गाँव के ही कुछ दबंग लोगों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर देने के मामले में समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधि मंडल गांव जाकर पीड़ित के परिजनों से मिला और पीड़ित के हाल-चाल लिए।
बताते चलें कि घायल रिंकू शर्मा की पत्नी आरती शर्मा ने घटना में सम्मिलित दबंगों के खिलाफ नाम दर्ज मुकदमा पंजीकृत कराया है लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। प्रतिनिधि मण्डल जिलाध्यक्ष चन्द्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में डॉ0 राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचा जहां घायल रिंकू शर्मा एवं उनके परिजनों से मिलकर घटना की जानकारी ली, उसके बाद तहरीर आवेदन कर्ता उनकी पत्नी आरती शर्मा को लेकर प्रतिनिधि मण्डल के सभी सदस्य पुलिस अधीक्षक फर्रुखाबाद से मिलने फतेहगढ़ स्थित उनके कार्यालय पुलिस लाइन पहुंचे जहां पुलिस अधीक्षक ने समाजवादी प्रतिनिधि मण्डल के सदस्यों से मिलने से इनकार कर दिया।
पुलिस अधीक्षक के इस बर्ताव पर समाजवादी प्रतिनिधि मण्डल के सदस्यों ने नाराजगी जाहिर की, जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा जनतंत्र में विपक्ष के प्रति लोक सेवकों का ऐसा व्यवहार नहीं होना चाहिए, लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष को भी अपनी बात रखने का पूरा हक है। पुलिस अधीक्षक द्वारा ऐसा किया जाना यह दर्शाता है सरकारी व्यवस्थाएं अब सत्ताधारी दल के सामने पंगु हो चुकी हैं।
’समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संदीप विश्वकर्मा ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि इस घटना में प्रशासन का रवैया पूर्ण रूप से पक्षपाती है और सिर्फ यहीं नहीं बल्कि प्रदेश के कई जिलों में सिल-सिलेवार सत्ता द्वारा पोषित गुंडे अन्याय अत्याचार कर रहे हैं। गाजीपुर निशा विश्वकर्मा हत्याकांड की घटना पूरे देश ने देखी है, उन्होंने कहा मुख्यमंत्री के सजातीय लोग कानून और संविधान को ताक पर रखकर खुलेआम गुंडई कर रहे हैं। पूर्व जिलाध्यक्ष रामसेवक सिंह यादव ने कहा अधिकारियों का पक्षपाती और पूर्वाग्रही होना तथा लाल फीताशाही का ज्यादा हावी होना जनतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा है। प्रदेश सचिव एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी डॉ0 नवल किशोर शाक्य ने कहा कि पुलिस अधीक्षक का रवैया बहुत निंदनीय है। पूर्व विधायक जमालुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि घटना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है लेकिन प्रशासन द्वारा दोषियों के विरुद्ध सक्रियता से कार्यवाही न करना इसे और ज्यादा अन्याय पूर्ण बनाता है। पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत ने कहा कि इससे भी ज्यादा अन्याय और क्या हो सकता है ? क्या पीड़ितों की अब बात भी नहीं सुनी जाएगी यह कैसा रामराज्य है। इस दौरान जिला महासचिव इलियास मंसूरी,जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र शाक्य, जिला प्रवक्ता राधेश्याम सविता, विधानसभा अध्यक्ष भोजपुर नरेंद्र सिंह यादव, आशीष शर्मा, विनीत परमार, शिवशंकर शर्मा, अर्चित शर्मा, सभासद मुदस्सिर खां, अमित यादव, नौशाद अहमद, श्रीकृष्ण शर्मा, महिपाल शर्मा, शिवम पटेल, गोपाल यादव, गोविंद यादव, मोहम्मद अनस, प्रवेश शाक्य, सुब्रत शाक्य, शीलू खां, योगेश कुमार आदि समाजवादी पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
