बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने आज जिला चिकित्सालय में फीता काटकर जनपद स्तरीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान जिला चिकित्सालय में लगभग 25 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र बच्चे को इस जीवनरक्षक अभियान से वंचित न रहने दिया जाए।
उन्होंने बताया कि जनपद में अभियान के सफल संचालन हेतु 827 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। जनपद में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 2 लाख 74 हजार बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह अभियान आज से प्रारंभ होकर शुक्रवार तक बूथों पर संचालित रहेगा। इसके उपरांत सोमवार से शुक्रवार तक एएनएम एवं आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाएंगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने फरहान पुत्र वसीम, निवासी हम्मालीपुरा जो जन्मजात कटे होंठ (क्लेफ्ट लिप) से पीड़ित है, के उपचार हेतु राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्हें अवगत कराया गया कि बच्चे के एक वर्ष की आयु पूर्ण होने पर आरबीएसके के माध्यम से उसका निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने उपचाराधीन अतिकुपोषित जुड़वां बच्चों का समुचित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित कराने तथा आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास चंद्र, डिप्टी मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एवं नोडल अधिकारी सहित अन्य चिकित्सक, स्वास्थ्य अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।