लखनऊ।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा, चंदा और दान से जुड़े विवाद को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुये कहा कि इस मामले की चर्चा अब पूरी दुनिया में हो रही है और इससे देश-विदेश में रहने वाले सनातन समाज के लोग आहत और शर्मसार हैं। श्री यादव ने बुधवार को कहा कि दुनिया के विभिन्न देशों में रहने वाले सनातनी श्रद्धालुओं ने भी राम मंदिर के लिए दान और चढ़ावा दिया था। ऐसे में नियमितताओं की खबरों से उनमें गहरा आक्रोश है।
इस प्रकरण के कारण न केवल धर्म बल्कि देश की प्रतिष्ठा भी प्रभावित हो रही है और इसके लिए भाजपा तथा उसके सहयोगी जिम्मेदार हैं। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की कार्यशैली से धार्मिक और सांस्कृतिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हुए हैं। इस विवाद से पूरे विश्व में सनातन समाज आक्रोशित है और भाजपा के कृत्यों के कारण देश को अपयश का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस घटनाक्रम का असर देश की आर्थिक छवि पर भी पड़ रहा है। दुनिया भर के निवेशक अब भारत में निवेश को लेकर आशंकित हैं, क्योंकि उन्हें सरकार की नीयत और विश्वसनीयता पर संदेह होने लगा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि श्जो सरकार भगवान के दानपात्र की भी रक्षा नहीं कर सकी, उस पर निवेशकों का भरोसा कैसे कायम रहेगा। सपा अध्यक्ष ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम के बाद भाजपा सरकार अपनी धार्मिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और आर्थिक विश्वसनीयता पूरी तरह खो चुकी है। उन्होंने इस मामले में पारदर्शी कारर्वाई और जवाबदेही सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
राम मंदिर चढ़ावा विवाद: दुनिया भर में सनातन समाज आहत और शर्मसार: अखिलेश यादव

