बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास ने कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में मुख्यमंत्री दर्पण पोर्टल (सीएम डैशबोर्ड) की प्रगति की समीक्षा के दौरान विभिन्न विभागों के प्रदर्शन का विस्तृत मूल्यांकन करते हुए उन्होंने अधिकारियों को जनपद की रैंकिंग में सुधार लाने के लिए लक्ष्य आधारित एवं समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि वर्तमान में जनपद की रैंक अपेक्षित स्तर पर नहीं है। इसे बेहतर बनाने के लिए सभी विभागीय अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा प्रत्येक संकेतक पर व्यक्तिगत रुचि लेकर कार्य करें। उन्होंने विशेष रूप से जल निगम, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फैमिली आईडी, पांचवां वित्त आयोग, स्वच्छ भारत मिशन, मत्स्य, पशुपालन एवं श्रम विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को अपने प्रदर्शन में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित प्रत्येक बिंदु शासन की प्राथमिकताओं से जुड़ा है। इसलिए सभी विभाग नियमित समीक्षा करते हुए कमियों का तत्काल निराकरण करें, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लाभार्थियों तक पहुंचे और जनपद की रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार हो।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विकास चंद्रा, प्रभारी जिला विकास अधिकारी एवं उपायुक्त एनआरएलएम राजकुमार लोधी, परियोजना निदेशक डीआरडीए राम औतार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

