बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ सरदूल सिंह के नेतृत्व में पशु चिकित्साधिकारी इंदरगढ़ एवं खंड विकास अधिकारी हसेरन द्वारा संयुक्त रूप से असाढ़पुर गोशाला का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान गोशाला में कुल 127 गोवंश (121 नर एवं 6 मादा) सुरक्षित पाए गए। गोवंशों के लिए लगभग 350 किलोग्राम भूसा गोदाम में उपलब्ध मिला, जबकि अन्य गोदाम में लगभग 1200 किलोग्राम भूसा एवं एक कुंतल दाना सुरक्षित रखा पाया गया। पशुओं के पोषण हेतु लगभग 25 बीघा क्षेत्र में हरा चारा बोया गया है, जिसे आवश्यकतानुसार काटकर गोवंशों को खिलाया जा रहा है। सभी गोवंशों को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान गोशाला परिसर में जंगली पशुओं से सुरक्षा के लिए ग्राम पंचायत मद से खाई खुदाई का कार्य प्रगति पर पाया गया। वहीं, केयरटेकर एवं सचिव द्वारा अतिरिक्त हरा चारा उत्पादन के उद्देश्य से खेत में ज्वार की फसल भी बोई गई है।
निरीक्षण के उपरांत सचिव एवं केयरटेकर को निर्देशित किया गया कि गोशाला की नियमित साफ-सफाई, गोवंशों को ताजा हरा चारा, भूसा, दाना एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए। साथ ही बरसात के मौसम को देखते हुए गोवंशों को बीमारियों से बचाने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी गोवंश के अस्वस्थ होने पर तत्काल पशु चिकित्सक से उपचार सुनिश्चित कराया जाए।

