कन्नौज:  स्कूली बच्चों से भरी कार ट्रैक्टर से टकराई

एक बच्चे का सिर फटा, 6 चोटिल, रोते-बिलखते बच्चों को छोड़कर भागा ड्राइवर

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)।  जिले के नादेमऊ कस्बे में गुरुवार सुबह 8 बजे स्कूली बच्चों से भरी कार ट्रैकटर से टकरा गई। इस हादसे में एक छात्र का सिर फट गया, जबकि 6 बच्चे चोटिल हो गए। हादसे के बाद बच्चों को रोता छोड़कर ड्राइवर भाग गया। इस मामले में कार्यवाही की बजाय समझौते के प्रयास किए जा रहे। मामला सौरिख थाने की नादेमऊ चौकी क्षेत्र का है।

यहां गुरुवार सुबह एसपीएस मेमोरियल स्कूल के बच्चों को लेने एक प्राइवेट टाटा स्पेसियो कार 3 किलोमीटर दूर मढ़पुरा गांव पहुंची थी। बच्चों को लेकर जब कार नादेमऊ कस्बे में पहुंची, तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर में कार की टक्कर हो गई।

एक्सीडेंट के समय कार में करीब 22 बच्चे बैठे सवार थे। इस हादसे में कार सवार छात्र प्रियांस पाठक पुत्र प्रवेश कुमार पाठक के सिर फट गया। जबकि उसके अलावा सृष्टि, सोनम, शिवांग, सोनाक्षी, देवांशी, प्रियल, योगराज चोटिल हो गए।

एक्सीडेंट होते ही ड्राइवर ने बच्चों को कार से नीचे उतार दिया और खुद वहां से भाग निकला। हादसे की जानकारी मिलते ही बच्चों के अभिभावक वहां पहुंच गए और कार्यवाही कराने के लिए घायल बच्चों को लेकर नादेमऊ चौकी गए। यहां कार्यवाही करने की बजाय अभिभावकों पर समझौते का दबाव बनाया जाने लगा। दोपहर तक मामले में कोई कार्यवाही नहीं की जा सकी।

इस मामले को लेकर एआरटीओ इज्या तिवारी ने बताया कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए विभाग की तरफ से हर दिन मिशन सेफ फ्यूचर

चलाया जा रहा है फिर भी कुछ स्कूली वाहन बिना मानक सड़कों पर दौड़ रहे हैं। उन्होंने कहाकि विभाग में सीमित स्टाफ कर चलते हर क्षेत्र में एक साथ जांच कर पाना मुश्किल होता है, ऐसे में शिक्षा विभाग और पुलिस विभाग को भी सख्ती करनी चाहिए।

इसके अलावा एआरटीओ इज्या तिवारी ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहाकि बच्चों को स्कूल भेजते समय उन्हें खुद ध्यान देना चाहिए कि वह लोग कैसे वाहनों से अपने बच्चों को भेज रहे है। जब तक अभिभावक जागरूक नहीं होंगे, तब तक ऐसे मामलों में पूरी तरह अंकुश लगा पाना सम्भव नदीं होगा।