बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होमगार्ड भर्ती की चयन प्रक्रिया के अंतर्गत पुलिस लाइन में अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन एवं शारीरिक मानक परीक्षण की कार्यवाही संपन्न कराई जा रही है।
इस भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने हेतु पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार द्वारा पुलिस लाइन पहुंचकर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दस्तावेज सत्यापन कक्ष, शारीरिक मानक परीक्षण स्थल तथा अभ्यर्थियों हेतु की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं ड्यूटी में लगे अधिकारियों/कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा भर्ती प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने, अभ्यर्थियों के साथ शिष्ट व्यवहार करने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी कार्यवाही संपन्न कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, प्रतीक्षालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
