बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के शत-प्रतिशत एवं समयबद्ध सफल समापन पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले चार्ज अधिकारियों, सुपरवाइजरों, प्रगणकों एवं कम्प्यूटर ऑपरेटरों को अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आप सभी की मेहनत और समर्पण के कारण जनपद कन्नौज ने प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया है, जिसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी बधाई के पात्र हैं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि, “जनगणना देश के नीति-निर्धारण और समग्र विकास की बुनियाद है। डिजिटल माध्यम से पहली बार हो रही इस जनगणना के प्रथम चरण को निर्धारित समय सीमा (22 मई से 20 जून) के भीतर पूर्ण करना हमारे फील्ड स्टाफ की कड़ी मेहनत, तकनीकी दक्षता और निष्ठा का परिणाम है। आप सभी डिजिटल जनगणना के सच्चे सिपाही हैं।”
समारोह में जनपद में जनगणना कार्य में योगदान देने वाले तहसीलदार सदर अवनीश कुमार सिंह, तहसीलदार छिबरामऊ अभिनव वर्मा, तहसीलदार तिर्वा अवनीश कुमार, अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार, श्यामेंद्र मोहन चौधरी, अधिशासी अधिकारी कन्नौज/तालग्राम, सुश्री दिव्या गुप्ता, अधिशासी अधिकारी समधन, जिला प्रभारी जनगणना सुश्री अंशु साहू, मास्टर ट्रेनर सस्मित कुमार द्विवेदी एवं मृदुल मिश्रा तथा जनपद कार्यालय में कार्यरत ई डिस्ट्रिक्ट मैनेजर ब्रजेश कुमार तथा जनगणना सहायक अखिलेन्द्र सिंह को सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त जनपद में प्रथम चरण का कार्य सर्वप्रथम पूर्ण करने वाली प्रगणक पूजा तिवारी एवं सुपरवाइजर सुनील सिंह सहित कुल 48 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
मोबाइल ऐप के माध्यम से बिना किसी त्रुटि के मकानों का विवरण दर्ज करने वाले कर्मियों की तकनीकी दक्षता की भी सराहना की गई। कार्यक्रम के अंत में जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) देवेन्द्र सिंह ने सभी सम्मानित प्रगणकों, पर्यवेक्षकों तथा इस अभियान से जुड़े प्रशासनिक अधिकारियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि जनगणना के आगामी द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) में भी जनपद कन्नौज पूरे प्रदेश में उत्कृष्ट प्रदर्शन दोहराएगा।

