समाजवादी पार्टी ने मनाया संविधान मान स्तंभ स्थापना दिवस: मौलिक अधिकारों की रक्षा का लिया संकल्प

‘‘कारगिल शहीदों को दी श्रद्धांजलि’’
फर्रूखाबाद। (आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। शहर के आवास विकास स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में रविवार दोपहर संविधान मान स्तंभ स्थापना दिवस मनाया गया। जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संविधान के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए उसकी रक्षा और संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव सहित अन्य पदाधिकारियों ने छत्रपति शाहूजी महाराज के चित्र और संविधान की प्रति पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद सभी कार्यकर्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया और संविधान की मूल भावना को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ ली। इस अवसर को आरक्षण दिवस के रूप में भी मनाया गया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि वर्ष 1902 में कोल्हापुर रियासत में छत्रपति शाहूजी महाराज ने वंचित वर्गों को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया था। उन्होंने बताया कि इसी ऐतिहासिक निर्णय की स्मृति में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वर्ष 2024 में संविधान मान स्तंभ की स्थापना की थी।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि संविधान देश की आत्मा है और इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक, विशेषकर समाजवादियों की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, संविधान और मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी यह लड़ाई मजबूती से जारी रहेगी। कार्यक्रम में पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, पूर्व महानगर अध्यक्ष सरल दुबे, पूर्व महानगर अध्यक्ष विजय यादव,पूर्व महानगर अध्यक्ष एंव सदर विधानसभा के संभावित प्रत्याशी राजीव शाक्य, प्रदेश सचिव सर्वेश अंबेडकर, जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव, सदर विधानसभा अध्यक्ष पवन कठेरिया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में कारगिल युद्ध के शहीदों तथा नीट परीक्षा पेपर लीक के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद कारगिल विजय दिवस और छात्र आंदोलन में छात्रों की जीत की खुशी में एक-दूसरे को मिठाई खिलाई गई।