बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। जिला कृषि अधिकारी संत लाल गुप्ता ने बताया कि जिलाधिकारी जनपद में उर्वरकों की गुणवत्ता एवं उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न उर्वरक प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया।
निरीक्षण के दौरान मैसर्स सुपर ट्रेडर्स, मियागंज, कन्नौज पर 500 बोरी एनपीके उर्वरक का स्टॉक पाया गया, जिसमें से गुणवत्ता परीक्षण हेतु एक नमूना संग्रहित किया गया।
इसी क्रम में मैसर्स एमके ट्रेडर्स, हरदोई मोड़, कन्नौज के निरीक्षण में प्रतिष्ठान पर 200 बोरी यूरिया उर्वरक उपलब्ध पाया गया। विक्रेता को निर्देशित किया गया कि किसानों को उनकी फसल की आवश्यकता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप ही उर्वरक उपलब्ध कराया जाए।
इसके अतिरिक्त मैसर्स आवश्यक खाद भंडार, तिखवा, मानीमऊ कन्नौज के निरीक्षण के दौरान वितरण रजिस्टर में किसानों की फार्मर आईडी एवं मोबाइल नंबर अंकित न किए जाने की अनियमितता पाई गई। इस गंभीर लापरवाही पर संबंधित उर्वरक विक्रेता का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए एनपीके उर्वरक का एक नमूना गुणवत्ता परीक्षण हेतु संग्रहित किया गया।
जिला कृषि अधिकारी ने जनपद के किसानों से अपील की है कि वे उर्वरक क्रय करते समय फार्मर आईडी, आधार कार्ड एवं खतौनी साथ लेकर जाएं तथा अपनी फसल की आवश्यकता एवं कृषि विभाग की संस्तुति के अनुसार ही उर्वरकों का उपयोग करें।
उन्होंने बताया कि जनपद में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। वर्तमान में यूरिया 18,569.3 मीट्रिक टन, डीएपी 7,056.7 मीट्रिक टन, एनपीके 14,783.06 मीट्रिक टन, पोटाश 3,707.25 मीट्रिक टन तथा एसएसपी 4,223.99 मीट्रिक टन उपलब्ध है। किसानों को किसी प्रकार की घबराहट या अनावश्यक भंडारण करने की आवश्यकता नहीं है। कृषि विभाग किसानों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
