श्रावण मास एवं आगामी पर्वों को लेकर डीएम-एसपी ने छिबरामऊ में किया पैदल भ्रमण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में तहसील छिबरामऊ परिसर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान के लिए पहुंचे। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 282 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 24 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर राहत प्रदान की गई, जबकि शेष शिकायतों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस शासन की जनहितकारी सोच का प्रभावी माध्यम है। इसका उद्देश्य केवल शिकायतें प्राप्त करना नहीं, बल्कि आमजन को न्यायोचित, संतोषजनक एवं स्थायी समाधान उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही एवं संवेदनशीलता बरती जाए तथा प्रत्येक प्रकरण का तथ्यपरक परीक्षण कर उसका प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि शिकायत निस्तारण में केवल रैंकिंग सुधारना लक्ष्य नहीं होना चाहिए, बल्कि जनता का विश्वास अर्जित करना सबसे महत्वपूर्ण है। जिन विभागों को असंतोषजनक फीडबैक प्राप्त हुआ है, उनमें पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, जल निगम, वन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, चकबंदी विभाग तथा विकास खण्ड स्तर के अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण हेतु विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, उप जिलाधिकारी छिबरामऊ सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
श्रावण मास एवं आगामी पर्वों को लेकर डीएम-एसपी ने किया पैदल भ्रमण
संपूर्ण समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने श्रावण मास तथा आगामी पर्वों के दृष्टिगत थाना छिबरामऊ क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का गहन परीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच करने तथा आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों, धर्मगुरुओं एवं नागरिकों से संवाद स्थापित कर सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक ने लोगों से आग्रह किया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना तत्काल पुलिस अथवा प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनपद में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पर्वों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सतत गश्त, प्रभावी निगरानी एवं समन्वित व्यवस्था के माध्यम से आमजन को सुरक्षित एवं निर्भय वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।

