‘‘सभी 42 वार्डों में कूड़ा कलेक्शन गाड़ियों से भी गूंजेंगे जागरूकता संदेश’’
फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो) डायरिया नियंत्रण व रोकथाम को लेकर जनपद में एक अनूठी पहल की गयी है। इसके तहत आरोग्य पथ पर स्थापित पब्लिक स्पीकरों के जरिए जागरूकता संदेश नियमित रूप से जन-जन तक पहुंचाए जा रहे हैं। जिले में 25 अगस्त तक चलने वाले डायरिया रोको अभियान में नगर पालिका ने भी अब स्वास्थ्य विभाग से हाथ मिला लिया है और जनजागरूकता में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है। इसके तहत जनपद के 42 वार्डों में डोर-टू डोर पहुँचने वाली कूड़ा कलेक्शन गाड़ियों से भी डायरिया के कारण, बचाव और उपचार सम्बन्धी जरूरी सन्देश आकर्षक ऑडियो जिंगल्स के जरिये गूंजेंगे। पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और केनव्यू पहले से ही अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
इस अनूठी पहल के तहत अंतर-विभागीय समन्वय से कानपुर रोड पर हाल ही में विकसित किए गए करीब 600 मीटर लंबे ‘आरोग्य पथ’ पर स्थापित सार्वजनिक साउंड सिस्टम का उपयोग डायरिया से बचाव और प्रबंधन के जागरूकता संदेशों (गीत के माध्यम से) को प्रसारित करने के लिए किया जा रहा है। आरोग्य पथ पर एक उचित दूरी पर पब्लिक स्पीकर लगाए गए हैं, जिन पर रोजाना सुबह छह बजे से सुबह आठ बजे तक और शाम को छह बजे से रात दस बजे के दौरान प्रेरणादायक, धार्मिक, देशभक्तिपूर्ण के साथ डायरिया रोकथाम से जुड़ा ऑडियो जिंगल प्रसारित किया जा रहा है। शाम के समय इस मार्ग पर ओपन जिम और बैठने की उचित व्यवस्था होने के कारण प्रतिदिन 200 से अधिक लोग, मुख्य रूप से महिलाएं और बच्चे तथा अन्य आयु वर्ग के व्यक्ति आते-जाते हैं। बच्चों के प्राथमिक देखभालकर्ताओं (माताओं) को लक्षित करने के लिए यह स्थल बेहद प्रभावी साबित हो रहा है। 17 जुलाई से शुरू हुए इस ऑडियो प्रसारण की गुणवत्ता और जमीनी प्रभाव का क्षेत्र स्तर पर भौतिक सत्यापन भी किया गया है, जो काफी उत्साहजनक रहा है। ज्ञात हो कि जनपद में शून्य से पांच साल तक के बच्चों को डायरिया से सुरक्षित बनाने को लेकर स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में पीएसआई इंडिया और केनव्यू के सहयोग से “डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम चलाया जा रहा है। यह कार्यक्रम डायरिया रोको अभियान और जनजागरूकता में बहुत ही मददगार साबित हो रहा है।
इस पहल की सफलता और व्यापक जन उपयोगिता को देखते हुए अधिशासी अधिकारी (ईओ) नगर पालिका परिषद, फर्रूखाबाद विनोद कुमार तथा विजय कुमार शुक्ला के साथ समन्वय कर इसके विस्तार की रूपरेखा तैयार की गई है। जल्द ही ऑडियो जिंगल को नगर पालिका की ठोस कचरा प्रबंधन गाड़ियों के ऑडियो सिस्टम में भी एकीकृत किया जाएगा, जिसके बाद फर्रूखाबाद के सभी 42 वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्र करने वाले वाहनों के जरिए यह संदेश घर-घर तक पहुंचेगा, जिससे अभियान की पहुंच पूरे जिले में व्यापक स्तर पर बढ़ेगी।
“आरोग्य पथ” पर डायरिया को हराने की गूँज