बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश पुलिस आपातकालीन सेवा (यूपी-112) के अंतर्गत उत्कृष्ट एवं संवेदनशील कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार द्वारा आज पीआरवी-6311 पर तैनात पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
थाना छिबरामऊ क्षेत्रान्तर्गत छिबरामऊ बाईपास स्थित कांशीराम अपार्टमेंट के पास चार अज्ञात मासूम बच्चों के भटकने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पीआरवी-6311 तत्काल मौके पर पहुँची, जहाँ लगभग 02, 03, 04 एवं 05 वर्ष आयु के चार बच्चे मिले, जो अपना नाम-पता बताने में असमर्थ थे।
पीआरवी कर्मियों ने बच्चों को अपनी सुरक्षा में लेकर धैर्य एवं संवेदनशीलता के साथ आसपास के क्षेत्रों में उनकी पहचान एवं परिजनों की तलाश प्रारम्भ की। साथ ही पी.ए. सिस्टम के माध्यम से लगातार उद्घोषणा कराई गई तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई। अथक प्रयासों के उपरांत बच्चों की माता का पता लगाया गया। आवश्यक सत्यापन एवं पहचान सुनिश्चित करने के उपरांत चारों बच्चों को सकुशल उनकी माता के सुपुर्द किया गया। घटना की सूचना थाना छिबरामऊ को भी तत्काल उपलब्ध करायी गयी।
इस मानवीय, संवेदनशील एवं सराहनीय कार्य के लिए पीआरवी-6311 पर तैनात पुलिसकर्मियों कमांडर वीरेंद्र सिंह निरंजन, सब कमांडर शिवानी धामा, सब कमांडर प्रियंका चौधरी और पायलट गुलशन चौधरी को पुलिस अधीक्षक कन्नौज द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

