महेश वर्मा
फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। श्रावण माह के प्रथम सोमवार पर शमशाबाद स्थित प्राचीन चौमुखे महादेव मंदिर में आस्था का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि पूरा मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के गगनभेदी जयघोष से दिनभर गूंजता रहा। तड़के भोर से ही दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे कांवड़ियों और शिवभक्तों ने बाबा भोलेनाथ के दरबार में गंगाजल और दुग्धाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि और देश की खुशहाली की कामना की।
मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों, रंग-बिरंगी झालरों और मनमोहक विद्युत सजावट से भव्य रूप दिया गया था। घंटों, घड़ियालों और शंखनाद की गूंज के बीच श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर बेलपत्र, धतूरा, पुष्प, शहद, दूध, गंगाजल और मिष्ठान अर्पित कर भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया। पूरे दिन श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर परिसर में लगी रहीं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन ने व्यवस्थाओं को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रखा। मंदिर के प्रबंधक संजय गिरी एवं मनोज गिरी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर दर्शन व्यवस्था संभाली, जिससे हजारों श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक बाबा भोलेनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। थाना प्रभारी सचिन चौधरी पुलिस बल के साथ पूरे दिन मंदिर परिसर में डटे रहे। पुलिस की सतर्कता और मंदिर प्रबंधन के बेहतर इंतजामों के चलते श्रद्धालुओं ने बिना किसी अव्यवस्था के दर्शन किए। श्रावण के पहले सोमवार पर चौमुखे महादेव मंदिर में उमड़ी आस्था, भक्ति और उत्साह ने पूरे शमशाबाद को शिवमय बना दिया। दिनभर मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंजता रहा और श्रद्धालुओं का तांता देर शाम तक लगा रहा।
‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा शमशाबाद: चौमुखे महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब