सावन के पहले सोमवार को शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाव : दर्शन को लगीं लम्बी कतारें

फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। सावन के पहले सोमवार को जनपद के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे। मंदिर परिसरों में लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं और श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।शहर के प्रसिद्ध पाण्डेश्वर नाथ मंदिर में सुबह से ही मंदिर परिसर से लेकर मुख्य सड़क तक श्रद्धालुओं की लंबी लाइनें दिखाई दीं। इसके अलावा शहर कोतवाली के पीछे स्थित कोतवालेश्वर महादेव मंदिर, पुठरी शिव मंदिर, माधौपुर स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर तथा पाल नगला विजाधरपुर स्थित सिद्ध श्री शिव शक्ति महाकाल मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिरों में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर बेलपत्र, शहद, भांग, पुष्प, दही, घी और समी पत्र अर्पित किए। पूरा वातावरण ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मंदिरों के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।