‘‘राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत 10 अगस्त 2026 को होगा अभियान, छूटे बच्चों को 14 अगस्त 2026 को मॉप-अप दिवस पर दी जाएगी दवा’’
फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के क्रम में जनपद में 01 से 19 वर्ष तक के बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाने का विशेष अभियान 10 अगस्त 2026 को आयोजित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त एवं निजी प्राथमिक विद्यालय, उच्च प्राथमिक विद्यालय, इंटर कॉलेज तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों को पेट के कीड़ों से बचाव के लिए एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जाएगी।
अभियान के अंतर्गत जनपद में कुल 9,76,436 बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिलाधिकारी महोदया के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग द्वारा संबंधित विभागों के समन्वय से अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किए जाने की तैयारियां की गई हैं। अभियान के तहत 01 से 02 वर्ष की आयु के बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों पर एल्बेंडाजोल सिरप पिलाई जाएगी, जबकि 02 से 19 वर्ष की आयु के बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। विद्यालयों में बच्चों को दवा का सेवन अध्यापकों के माध्यम से तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के माध्यम से कराया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनन्द उपाध्याय ने बताया कि बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण को बेहतर बनाए रखने में कृमि संक्रमण की रोकथाम अत्यंत महत्वपूर्ण है। पेट में कीड़े होने से बच्चों में खून की कमी, कमजोरी, भूख में कमी, कुपोषण तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। एल्बेंडाजोल का सेवन बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान बच्चों को निर्धारित आयु के अनुसार ही कृमिनाशक दवा खिलाई जाएगी। 01 से 02 वर्ष के बच्चों को एल्बेंडाजोल सिरप तथा 02 से 19 वर्ष के बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली दी जाएगी। दवा का सेवन संबंधित शिक्षक एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्री की देखरेख में कराया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अभियान से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ ही अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे अपने बच्चों को निर्धारित दिवस पर कृमिनाशक दवा का सेवन अवश्य कराएं। बच्चों के स्वस्थ विकास के लिए कृमि संक्रमण से बचाव आवश्यक है। अभियान के दौरान यदि किसी कारणवश कोई बच्चा 10 अगस्त को कृमिनाशक दवा का सेवन नहीं कर पाता है तो उसे मॉप-अप दिवस 14 अगस्त 2026 को दवा खिलाई जाएगी, ताकि कोई भी पात्र बच्चा कृमिनाशक दवा के सेवन से वंचित न रहे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपदवासियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से अपील की है कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें और निर्धारित आयु वर्ग के सभी बच्चों को कृमिनाशक दवा का सेवन सुनिश्चित कराएं। सामूहिक प्रयासों से ही बच्चों को कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखते हुए उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं स्वस्थ भविष्य की दिशा में प्रभावी कदम उठाया जा सकता है।
जनपद में 01 से 19 वर्ष के 9,76,436 बच्चों को खिलाई जाएगी कृमिनाशक दवा