फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । शहर की रस्तोगी धर्मशाला में शाक्य, कुशवाहा, मौर्य और सैनी समाज के कार्यक्रम में समाज की एकजुटता और राजनीतिक हिस्सेदारी को लेकर चर्चा हुई। वहीं समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य रहे स्व लालबहादुर शाक्य के बेटे राजीव शाक्य के फर्रुखाबाद विधानसभा से चुनाव लडने की जोरदार चर्चा रही।
कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद सभी अतिथियों और प्रमुख लोगों का परिचय कराया गया। इस दौरान रामवीर सिंह शाक्य, अवनीश कुमार शाक्य, सेठ रामवतार शाक्य, लाला विजय बहादुर, रघुवर दयाल मौर्य, रामरतन शाक्य, जन अधिकार पार्टी के जिला अध्यक्ष कैप्टन प्रभात शाक्य, मंडल अध्यक्ष सुदेश शाक्य, नागेंद्र शाक्य, शिवकुमार शाक्य और आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष नीरज प्रताप शाक्य सहित अन्य लोग मंच पर मौजूद रहे। संचालन शिवकुमार शाक्य ने किया। कार्यक्रम में राजीव शाक्य ने समाज के लोगों से एकजुट होकर राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को राजनीति में अपनी सक्रियता बढ़ाने के साथ-साथ अपने अधिकारों और प्रतिनिधित्व को लेकर भी जागरूक रहना चाहिए। मंच से नीरज शाक्य, कैप्टन प्रभात शाक्य और शिवकुमार शाक्य समेत अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने समाज की एकजुटता और राजनीतिक भागीदारी को लेकर अपनी बात जनता के सामने रखी। कार्यक्रम के दौरान राजीव शाक्य पुत्र लालबहादुर शाक्य (फर्रुखाबाद विधानसभा से सपा से प्रत्याशी रहे) ने अपनी राजनीतिक दावेदारी को लेकर भी बात रखी। उन्होंने बताया कि वह पिछले कई महीनों से विधायक पद के लिए तैयारी कर रहे हैं। राजीव शाक्य के अनुसार, वह समाजवादी पार्टी से फर्रुखाबाद विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लडने की तैयारी कर रहे हैं और उनका दावा है कि वह जीत के करीब हैं। वहीं शिवकुमार शाक्य ने समर्थन को लेकर कहा कि समाज के हित और विचारों से मेल खाने वाले प्रत्याशी को समर्थन देने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज का कोई भी प्रत्याशी किसी भी राजनीतिक दल से चुनाव मैदान में आता है और उसके विचार समाज की अपेक्षाओं से मेल खाते हैं, तो संगठन उसके समर्थन के लिए तैयार रहेगा। कार्यक्रम में राजनीतिक भागीदारी के साथ समाज के लोगों के बीच संवाद और संगठनात्मक एकजुटता पर भी जोर दिया गया।
राजीव शाक्य फर्रुखाबाद विधानसभा से सपा से लडेंगे चुनाव: शाक्य-कुशवाहा-मौर्य-सैनी सम्मेलन में जोरदार चर्चा
