सपा ने मुख्य चुनाव आयुक्त का फूंका पुतला और की इस्तीफे की मांग

फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । देश भर में जहां विपक्ष के द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त की निष्पक्षता पर जहां प्रश्नचिन्ह लगाया जा रहा है वहीं समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार आज समाजवादी पार्टी ने जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में वोट बचाओ देश बचाओ यात्रा निकाली। वहीं सपा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंक दिया।
प्रातः 11:00 बजे के लगभग भोलेपुर ओवर ब्रिज के नीचे समाजवादी पार्टी के नेता पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए, नेताओं पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के हाथों में वोट चोर गद्दी छोड़, ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो जैसे नारे लिखे तख्ती थीं। जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में समाजवादी कार्यकर्ता जेएनवी तिराहा स्थित अंबेडकर मूर्ति तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे, वहां पहुंचकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले का दहन किया, उसके बाद मतदान के अधिकार प्रदत्त करने बाले अनुच्छेद 326 को पढ़कर सुनाया गया और राष्ट्रगान के आयोजन के साथ इस यात्रा का समापन किया गया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा देश में जो सरकार है वह वोट चोरी करके बनी है। यह जनमत की सरकार नहीं है। तमाम अधिकारी निर्वाचन प्रक्रियाओं से जुड़े हुए लोगों के कथन और चंडीगढ़ मेयर चुनाव में हुई लाइव धांधली की घटना निश्चित तौर पर चुनाव आयुक्त की निष्पक्ष भूमिका और उसकी कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिन्ह खड़े करती है। देश की जो संवैधानिक संस्थाएं हैं उनका निष्पक्ष होने के साथ निष्पक्ष दिखना भी जरूरी है, यदि ऐसा नहीं होगा तो लोकतंत्र की जड़ें कमजोर हो जाएंगी और जनता का विश्वास संवैधानिक व्यवस्थाओं से उठ जाएगा। पिछले 75 वर्षों में देश में अनेकों बार चुनाव हुए, अनेकों लोग प्रधानमंत्री बने, अनेकों पार्टियों की सरकारें रहीं, लगातार कई वर्षों तक एक ही दल की सरकार रही लेकिन कभी इस तरह से निर्वाचन आयुक्त की भूमिका पर सवाल खड़े नहीं हुए। जिस तरह से पिछले 10 वर्षों से सवाल खड़े हो रहे हैं यह देश के लिए बहुत ही चिंतनीय विषय है। देश में पहले जन-आक्रोश के प्रति अपनी नैतिक जिम्मेदारी मानते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
इस अवसर पर पूर्व महानगर अध्यक्ष सरल दुबे,पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, पूर्व विधायक अजीत कठेरिया, पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारुकी, इलियास मंसूरी, सर्वेश अंबेडकर, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राशिद जमाल सिद्दीकी, मनोज मिश्रा, डॉ0 जेपी वर्मा, सहित बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।