बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो) । जनपद में आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान तथा जनसामान्य को न्याय दिलाने के उद्देश्य से आज थाना कोतवाली कन्नौज में आयोजित थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई कर फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनके निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि थाना समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए तथ्यों की निष्पक्ष जांच की जाए तथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर जाकर प्रकरण की वास्तविक स्थिति का परीक्षण करें। विशेष रूप से राजस्व एवं भूमि विवाद से संबंधित मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की शिकायतों का प्रभावी निस्तारण कर प्रशासन एवं पुलिस के प्रति जनता का विश्वास मजबूत करना है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि फरियादियों के साथ संवेदनशीलता, शालीनता एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता बनाए रखते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर वैभव गुप्ता सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
