‘‘राजनीतिक संघर्ष और संस्मरणों को किया याद’’
फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । आवास विकास स्थिति सपा कार्यालय पर शनिवार दोपहर 12 बजे पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि मनाई गई। इस दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने उनके राजनीतिक संघर्ष, सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संबंधों को याद किया।
जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि नेताजी कार्यकर्ताओं से बेहद प्रेम करते थे, लेकिन संगठन में अनुशासन को लेकर सख्त रहते थे। उन्होंने सभी वर्गों के उत्थान और सामाजिक सद्भाव के लिए काम किया। सपा नेता मुन्ना यादव एडवोकेट ने विचार गोष्ठी का संचालन किया।
पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष सरल दुबे ने कहा कि नेताजी की राजनीति किसी एक जाति तक सीमित नहीं थी। उन्होंने सभी वर्गों के लोगों को आगे बढ़ने के अवसर दिए। पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारूकी ने युवाओं को प्रेरित करने और उन्हें राजनीति में आगे बढ़ाने के नेताजी के प्रयासों को याद किया। कायमगंज से पूर्व प्रत्याशी सर्वेश अंबेडकर ने नेताजी से अपनी पहली मुलाकात का संस्मरण साझा किया। उन्होंने बताया कि नेताजी ने उनसे आत्मीयता के साथ मुलाकात की थी। समाजवादी नेता विजय यादव ने नेताजी के साथ हवाई यात्रा के दौरान के अनुभव साझा करते हुए उनकी सादगी और कार्यकर्ताओं के प्रति अपनापन याद किया।
समाजवादी युवजन सभा के पूर्व राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व जिला प्रवक्ता विवेक सिंह यादव ने वर्ष 2016 में नेताजी से जुड़े संस्मरण साझा किए। उन्होंने नेताजी के कार्यकर्ताओं के प्रति स्नेह और संगठनात्मक अनुशासन को याद किया। इस अवसर पर पूर्व महिला सभा जिलाध्यक्ष सुलक्षणा सिंह, राजेश पाठक, रामजी बाजपेई, शिवशंकर शर्मा, शशांक सक्सेना, रोमित सक्सेना, गौरव यादव, प्रतिभा यादव और योगेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर सपाइयों ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
