बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । एमएलसी चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए नियुक्त स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस मजिस्ट्रेट के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त बैठक की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आगामी 23 अक्टूबर को प्रस्तावित उत्तर प्रदेश विधान परिषद आगरा खंड स्नातक/खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से आज जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित मनोरंजन हॉल में नियुक्त स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस मजिस्ट्रेट के साथ संयुक्त बैठक की। इस दौरान निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों एवं कर्तव्यों का भली-भांति निर्वहन सुनिश्चित करें। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन किया जाए तथा निर्वाचन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और निर्वाचन कार्य में संलग्न कार्मिकों को उनके दायित्वों के संबंध में स्पष्ट जानकारी रहे।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि निर्वाचन के दौरान पूर्ण सतर्कता बरती जाए तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी पुलिस प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर सतर्क दृष्टि रखें। निर्वाचन संबंधी ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी निष्पक्षता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, जिससे मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) देवेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सहित समस्त क्षेत्राधिकारी एवं संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
