08 प्रगतिशील किसानों को वितरित की गई सरसों मिनीकिट
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । किसानों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने, उन्हें शासन की कृषि संबंधी योजनाओं से लाभान्वित करने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों के माध्यम से उनकी आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से बुधवार को विकास भवन स्थित हर्षवर्धन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर 08 प्रगतिशील किसानों को सरसों मिनीकिट भी वितरित की गईं।
मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास ने किसानों की समस्याओं के समाधान को शासन एवं प्रशासन की प्राथमिकता बताते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना पत्रों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए। शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि उसका वास्तविक लाभ संबंधित किसान तक पहुँचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को कृषि निवेश, सरकारी योजनाओं एवं विभागीय सुविधाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराया जाए, जिससे कृषि उत्पादन बढ़ाने के साथ किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ किया जा सके।
उप कृषि निदेशक संतोष कुमार ने बताया कि सितंबर 2026 में प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के संबंध में उपस्थित किसानों को आवश्यक जानकारी देते हुए संतुष्ट किया गया। किसान दिवस में कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने किसानों को कृषि निवेश, फसल बीमा, दुर्घटना बीमा तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
मक्का खरीद के लिए निर्धारित क्रय केंद्रों पर संपर्क करें किसान
जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी लालमणि पाण्डेय ने बताया कि जनपद में 01 अक्टूबर से बाजार एवं सरकारी क्रय केंद्रों के माध्यम से मक्का की खरीद की जा रही है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी उपज का उचित एवं लाभकारी मूल्य प्राप्त करने के लिए निर्धारित क्रय केंद्रों से संपर्क करें तथा खरीद संबंधी निर्धारित प्रक्रिया का पालन करें।
मंडी की योजनाओं एवं दुर्घटना सहायता की दी गई जानकारी
मंडी सचिव सुरराज प्रताप सिंह ने मंडी के माध्यम से संचालित उपहार योजना के संबंध में जानकारी देते हुए किसानों को योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि मंडी क्षेत्र में दुर्घटना होने की स्थिति में संबंधित मंडी विभाग को 30 दिनों के भीतर सूचना देना आवश्यक है, ताकि पात्र किसानों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जा सके। मंडी में धर्मकांटा खराब होने की शिकायत के संबंध में भी संबंधित संस्था को सूचित कर आवश्यक सुधार कराने की कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी गई।
आलू भंडारण अनुदान योजना से 855 किसान लाभान्वित
जिला उद्यान अधिकारी आशीष कटियार ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के निजी शीतगृहों में भंडारित आलू पर भंडारण प्रभार में अनुदान की योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत अब तक 855 किसानों को कुल ₹54 लाख का लाभ प्रदान किया जा चुका है।
उन्होंने किसानों को आलू की उन्नतशील प्रजातियों के उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करते हुए बताया कि जनपद में कुफरी सूर्या, कुफरी चिप्सोना एवं कुफरी मोहन जैसी उन्नतशील प्रजातियों के सीड साइज आलू तथा आधारिय बीज की उपलब्धता के संबंध में जानकारी दी गई। इस पर ₹1,000 प्रति क्विंटल की दर से अनुदान अनुमन्य है। किसानों से संबंधित योजनाओं का लाभ लेने के लिए विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने की अपील की गई।
पशु बीमा योजना की जानकारी, बीमार पशुओं के उपचार के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश
पशुपालन विभाग के प्रतिनिधि ने बताया कि वर्ष 2026 में पशुओं के बीमा के संबंध में नई गाइडलाइन जारी की गई है। इसके अंतर्गत गाय के लिए ₹3,000 तथा भैंस के लिए ₹5,000 प्रति पशु की बीमा प्रीमियम राशि के सापेक्ष निर्धारित धनराशि जमा किए जाने की व्यवस्था है।
इस दौरान विकासखंड छिबरामऊ के ग्राम नगला पट्टी निवासी प्रगतिशील कृषक राम लखन पाठक ने बीमार पशुओं के उपचार के लिए चिकित्सकों की टीम भेजने का अनुरोध किया। इस पर संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सहकारिता विभाग ने उर्वरक उपलब्धता एवं नई समितियों की स्थिति से कराया अवगत
सहकारिता विभाग के अधिकारी रामनिवास राणा ने जनपद में उर्वरकों की उपलब्धता की जानकारी देते हुए किसानों को दुर्घटना बीमा योजना के लाभों से अवगत कराया।
इस दौरान प्रगतिशील किसान अभिलाष सिंह, निवासी डडौनी (सौरिख), द्वारा नई सहकारी समितियों के संचालन के संबंध में जानकारी मांगी गई। इस पर बताया गया कि जनपद में कुल 36 नई समितियों के पंजीकरण के सापेक्ष 16 समितियों को लाइसेंस प्राप्त हो चुके हैं। बैंक ऋण स्वीकृत होने के उपरांत इन समितियों के माध्यम से शीघ्र ही संचालन प्रारंभ किए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
08 प्रगतिशील किसानों को वितरित की गई सरसों मिनीकिट
किसान दिवस के समापन अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास ने उपस्थित 08 प्रगतिशील किसानों को सरसों मिनीकिट वितरित कीं। उन्होंने किसानों को कृषि योजनाओं का लाभ उठाने, उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने तथा कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का निस्तारण निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम के दौरान किसानों ने अपनी समस्याएँ, सुझाव एवं आवश्यकताएँ अधिकारियों के समक्ष रखीं। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने उन्हें योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
किसान दिवस में उप कृषि निदेशक संतोष कुमार, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी लालमणि पाण्डेय, जिला उद्यान अधिकारी आशीष कटियार सहित कृषि, सहकारिता, पशुपालन, मत्स्य, सिंचाई, नलकूप, विद्युत, भूमि संरक्षण एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 80 किसानों ने प्रतिभाग किया।
