कन्नौज: जनगणना द्वितीय चरण हेतु प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण प्रारंभ

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो) । जनगणना–2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) की तैयारियों के अंतर्गत जनपद कन्नौज में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण आज दिनांक 21 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ हो गया है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत नगर पालिका परिषद कन्नौज में 2 बैच, तहसील तिर्वा में 7 बैच तथा नगर पंचायत समधन एवं नगर पंचायत तिर्वागंज में 1-1 बैच का प्रशिक्षण प्रारंभ किया गया है। इस प्रकार जनपद में कुल 11 प्रशिक्षण बैचों का प्रशिक्षण शुरू हो गया है।

प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनर्स द्वारा प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को जनगणना–2027 के द्वितीय चरण की कार्यप्रणाली, जनसंख्या गणना से संबंधित प्रश्नावली, मोबाइल एप्लीकेशन के उपयोग, गणना ब्लॉक (EB) में कार्य करने की प्रक्रिया तथा घर-घर जाकर सूचनाओं के संकलन के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की जा रही है।

इसके अतिरिक्त प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना कार्य के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं, उत्तरदाताओं से संवाद स्थापित करने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण आँकड़ों के संकलन के संबंध में भी प्रशिक्षित किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना तथा 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनसंख्या गणना का कार्य संपादित किया जाएगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या संबंधी सूचनाओं का संकलन करेंगे।

जनपद में जनगणना कार्य को सुचारु, व्यवस्थित एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण बैचवार आयोजित किया जा रहा है।

जनगणना–2027 की सफलता की दिशा में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम एक महत्वपूर्ण कदम है।