बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । छिबरामऊ थाना क्षेत्र में अधिवक्ता की हत्या के मामले में पुलिस कार्रवाई को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता जय कुमार तिवारी बऊअन ने असंतोष जताया है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोपी की पुत्री की गिरफ्तारी पर पुलिस प्रशासन से सवाल उठाए और निष्पक्ष जांच की मांग की।
सपा नेता ने कहा कि छिबरामऊ में उनके छोटे भाई अधिवक्ता के साथ हुई घटना बेहद दुखद और निंदनीय है। अधिवक्ता की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी को कठोर से कठोर सजा मिलनी चाहिए। साथ ही यदि इस घटना में कोई अन्य व्यक्ति भी दोषी है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन किसी निर्दोष को सजा नहीं मिलनी चाहिए।
आरोपी की पुत्री को जेल भेजे जाने पर सवाल उठाते हुए जय कुमार तिवारी बऊअन ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने भाजपा के दबाव में आकर उसके खिलाफ कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भी कई लोग बेटी के समर्थन में पोस्ट कर पुलिस प्रशासन से सवाल कर रहे हैं कि आखिर उसका कसूर क्या है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि यदि आरोपी की पुत्री इस मामले में दोषी है तो पुलिस उसके खिलाफ पुख्ता साक्ष्य सामने रखे और प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जनता के सवालों का जवाब दे। उन्होंने कहा कि कानून के तहत दोषियों को सजा मिलनी चाहिए लेकिन किसी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।
इस मौके पर निवर्तमान सपा जिलाध्यक्ष कलीम खान, निवर्तमान विधानसभा अध्यक्ष पीपी सिंह वघेल, निवर्तमान सयुस प्रदेश उपाध्यक्ष हसीब हसन, बंटी शर्मा, विवेक पाल, शिब्बू तिवारी, नितिन यादव, दीपक यादव, तुफैल अहमद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

