बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड (दर्पण) पर अक्टूबर 2026 माह तक दर्ज विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की जिला अनुश्रवण पुस्तिका में प्रदर्शित विभागवार एवं योजनावार प्रगति, प्राप्तांकों तथा रैंकिंग की विस्तार से समीक्षा की गई। डैशबोर्ड के अनुसार अक्टूबर 2026 में विकास एवं राजस्व कार्यों की सम्मिलित रैंकिंग में जनपद कन्नौज 8.32 अंक के साथ प्रदेश में 63वें स्थान पर रहा। विकास कार्यों से संबंधित रैंकिंग में जनपद 48वें तथा राजस्व कार्यों में 68वें स्थान पर रहा।
मुख्य विकास अधिकारी ने समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पीएम-कुसुम, सोलर स्ट्रीट लाइट योजनाएं, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण, आयुष्मान एवं स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित योजनाएं, ऑपरेशन कायाकल्प, निराश्रित गोवंश संरक्षण, वृद्धावस्था पेंशन तथा अनेक विभागों द्वारा योजनाओं के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 10 में से 10 अंक प्राप्त किए पाए जाने वाले विभागों के कार्यों की सराहना की।
कुछ योजनाओं की प्रगति एवं रैंकिंग अपेक्षाकृत कमजोर पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के भवन निर्माण एवं सड़क निर्माण कार्यों में शून्य अंक तथा परिवार आईडी योजना में 02 अंक प्राप्त होने पर संबंधित कार्यों की प्रगति में अपेक्षित सुधार लाने पर जोर दिया गया। इसी प्रकार बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की पोषण अभियान योजना, छात्रवृत्ति योजनाओं, लोक निर्माण विभाग की नई सड़कों के निर्माण तथा सीएमआईएस के अंतर्गत निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं एवं विकास कार्यों की प्रगति का महत्वपूर्ण मूल्यांकन माध्यम है। अतः सभी विभागीय अधिकारी अपनी योजनाओं की नियमित समीक्षा करें तथा पोर्टल पर आंकड़ों की शुद्धता, समयबद्ध फीडिंग और अद्यतन प्रगति सुनिश्चित करें। जिन योजनाओं में लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति कम है, उनमें कार्ययोजना बनाकर तेजी से सुधार किया जाए। किसी भी स्तर पर अनावश्यक लंबित प्रकरण न रखे जाएं तथा पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में लापरवाही, शिथिलता अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करते हुए जनपद की रैंकिंग में सुधार लाने के लिए प्रभावी प्रयास करें।
बैठक में पीडी डीआरडीए राम औतार सिंह, उप कृषि निदेशक संतोष कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम उजागिर कन्नौजिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

