कन्नौज: मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 आलेख्य निर्वाचक नामावली का प्रकाशन

 बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027  के अंतर्गत जनपद कन्नौज की आलेख्य निर्वाचक नामावली का आज प्रकाशन कर दिया गया है। इस संबंध में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध कराते हुए पुनरीक्षण कार्यक्रम, दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने एवं संशोधन कराने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना आवश्यक है। इसके लिए सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, बीएलए एवं संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए।

विधानसभावार आलेख्य मतदाता सूची का विवरण

प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली के अनुसार जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 10,78,718 सामान्य मतदाता तथा 2,628 सर्विस मतदाता सहित कुल 10,81,346 मतदाता पंजीकृत हैं।

196-छिबरामऊ विधानसभा: पुरुष 2,11,253, महिला 1,74,127 एवं TG-06 सहित कुल 3,85,386 सामान्य मतदाता तथा 1,190 सर्विस मतदाता, कुल 3,86,576 मतदाता।

197-तिर्वा विधानसभा: पुरुष 1,81,579, महिला 1,45,706 एवं TG-16 सहित कुल 3,27,301 सामान्य मतदाता तथा 920 सर्विस मतदाता, कुल 3,28,221 मतदाता।

198-कन्नौज (अ0जा0) विधानसभा: पुरुष 2,00,947, महिला 1,65,075 एवं TG-09 सहित कुल 3,66,031 सामान्य मतदाता तथा 518 सर्विस मतदाता, कुल 3,66,549 मतदाता।

इस प्रकार जनपद में कुल 5,93,779 पुरुष, 4,84,908 महिला एवं 31 तृतीय लिंग मतदाता सहित 10,78,718 सामान्य मतदाता तथा 2,628 सर्विस मतदाता सम्मिलित हैं।

17 नवम्बर से 16 दिसम्बर तक प्राप्त किए जाएंगे दावे एवं आपत्तियां

जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत दिनांक 17 नवम्बर 2026 से 16 दिसम्बर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस अवधि में 21, 22, 28 एवं 29 नवम्बर 2026 को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इन तिथियों पर बीएलओ अपने-अपने मतदान स्थलों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर फॉर्म प्राप्त करने के लिए पदाभिहित अधिकारियों की तैनाती भी की गई है।

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के लिए प्रारूप-6, किसी प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए प्रारूप-7 तथा नाम, निवास एवं अन्य विवरणों में संशोधन, निवास परिवर्तन, मतदाता पहचान पत्र के प्रतिस्थापन एवं दिव्यांग मतदाताओं के चिह्नांकन के लिए प्रारूप-8 में आवेदन किया जा सकता है।

आम नागरिक प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची का अवलोकन संबंधित उप जिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय, जिला निर्वाचन कार्यालय कलेक्ट्रेट तथा जनपद की आधिकारिक वेबसाइट [https://kannauj.nic.in/deo-portal) पर कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल [https://voters.eci.gov.in/] के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। ऑफलाइन आवेदन फार्म बूथ लेवल अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय में 16 दिसम्बर 2026 तक जमा किए जा सकते हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से मतदाता सूची का सूक्ष्मता से परीक्षण कराएं तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि, अपात्र प्रविष्टि अथवा पात्र मतदाता का नाम छूटने की स्थिति में निर्धारित प्रारूप पर समय से आपत्ति एवं दावा प्रस्तुत करें।

उन्होंने बताया कि निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की सूचियां निर्धारित प्रारूपों में तैयार कर नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएंगी। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के निर्णय के विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 24(क) के अंतर्गत जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रथम अपील तथा जिला मजिस्ट्रेट के निर्णय के विरुद्ध धारा 24(ख) के अंतर्गत मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के समक्ष द्वितीय अपील की जा सकेगी।

दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के उपरांत विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन दिनांक 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0रा0 रतन, प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर  अविनाश कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार साहित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्ष/अधिकृत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।