सुरक्षा, स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं में लापरवाही न बरतने के दिए कड़े निर्देश
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कार्तिक पूर्णिमा मेला पर्व के दृष्टिगत मेंहदी घाट का संयुक्त निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आवागमन, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाट एवं आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए संबंधित विभागों को व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मेंहदी घाट पर कल से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सभी संबंधित विभाग पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोपरि है। व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि घाटों पर बैरिकेडिंग मजबूत एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप कराई जाए। बैरिकेडिंग में मोटी रस्सियों एवं समान लंबाई की बल्लियों का प्रयोग किया जाए तथा प्रत्येक बल्ली पर एक समान रंग एवं आकार के ध्वज लगाए जाएं, जिससे घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था स्पष्ट एवं सुव्यवस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि सफाई कर्मियों की ड्यूटी तीन पालियों में लगाई जाए तथा घाट के दोनों ओर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कूड़ा-कचरा तत्काल हटाया जाए और किसी भी स्थान पर गंदगी दिखाई नहीं देनी चाहिए। प्रत्येक पार्किंग स्थल पर अलग-अलग जनरेटर के माध्यम से पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जाए तथा पुल के खंभों पर स्पाइरल लाइट आज ही लगवाई जाए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि घाट पर आयुर्वेदिक, यूनानी एवं एलोपैथिक चिकित्सा टीमों के कैंप स्थापित किए जाएं तथा चिकित्सा संबंधी गतिविधियों का नियमित रिकॉर्ड रखा जाए। घाट के दोनों ओर एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि घाट के दोनों ओर जनरेटर एवं ऑपरेटर सहित पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध रहे तथा विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में तत्काल बैकअप व्यवस्था संचालित हो। श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम बनाए जाएं, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा सभी शौचालय साफ-सुथरे एवं क्रियाशील रखे जाएं। घाट एवं संपर्क मार्गों पर पर्याप्त विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, कंट्रोल रूम की स्थापना एवं नियमित मॉनिटरिंग, दुकानों का क्रमवार संचालन, सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता तथा पब्लिक एड्रेस सिस्टम का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने आपदा मित्रों की पर्याप्त तैनाती करने तथा उनके भोजन एवं आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सिविल डिफेंस भी सक्रिय रूप से तैनात रहें।
उन्होंने संबंधित को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को फिसलन से बचाने के लिए घाट के किनारे-किनारे बालू से भरी बोरियां लगाई जाएं, जिससे आवागमन सुरक्षित एवं सुगम हो। घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोरों की अनिवार्य तैनाती की जाए तथा भारी एवं छोटे वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मेहंदी घाट पर निर्माणाधीन दुकानों की गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सीएनडीएस संस्था द्वारा मेहंदी घाट स्थल पर निर्माणाधीन दुकानों में प्रयोग किए जा रहे निर्माण सामग्री के संबंध में नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने उप जिलाधिकारी सदर को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में प्रयुक्त सीमेंट, मौरम एवं सरिया की गुणवत्ता की जांच कराकर टेस्टिंग रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए तथा गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि मेले की भव्यता एवं आकर्षण बनाए रखने के साथ सभी व्यवस्थाएं सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं, ताकि मेला श्रद्धा, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न हो।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में निर्देश दिए कि मोटरबोटों पर पर्याप्त पुलिस एवं सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। मोटरबोटों पर टॉर्च, लाउड हेलर, सीटी, लाइफबॉय सहित सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रहें। सभी कर्मियों की ड्यूटी रोस्टरवार निर्धारित की जाए तथा तैनात पुलिस बल एवं अन्य कर्मी आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में रहे और मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा अथवा सुरक्षा संबंधी समस्या नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास चंद्रा, उप जिलाधिकारी सदर वैभव गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

