रोल प्रेक्षक ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत आज कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में आयुक्त, कानपुर मंडल, कानपुर एवं रोल प्रेक्षक एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुनरीक्षण कार्यक्रम की संशोधित समय-सारिणी, निर्वाचक नामावली की वर्तमान स्थिति, प्राप्त दावे एवं आपत्तियां, विशेष अभियान और मतदाता पंजीकरण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
आयुक्त, कानपुर मंडल, कानपुर एवं रोल प्रेक्षक ने कहा कि जनपद की अनुमानित जनसंख्या 20,68,266 के सापेक्ष निर्वाचक नामावली में कुल 10,78,718 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 5,93,779 पुरुष, 4,84,908 महिला तथा 31 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। जनपद का जेंडर रेशियो 817 एवं ईपी रेशियो 52.16 है। उन्होंने कहा कि अनुमानित जनसंख्या के अनुपात में लगभग 64 प्रतिशत अर्थात करीब 13 लाख 23 हजार मतदाता पंजीकृत होने अपेक्षित हैं, जबकि वर्तमान मतदाता संख्या अपेक्षाकृत कम है। इसी प्रकार जनपद का जेंडर रेशियो भी अपेक्षित स्तर लगभग 880 के सापेक्ष कम है। उन्होंने विशेष रूप से महिला मतदाताओं एवं युवा मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में छूटने की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए इनके पंजीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, समावेशी एवं त्रुटिरहित बनाने में प्रशासन के साथ-साथ राजनीतिक दलों की सहभागिता भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। पात्र नागरिकों का नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराने के लिए सभी दल अपने स्तर से सक्रिय प्रयास करें। विशेष रूप से 18-19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं, महिला मतदाताओं, विवाह के उपरांत जनपद में आई महिलाओं तथा अन्य छूटे हुए पात्र नागरिकों का नाम सूची में दर्ज कराने पर प्राथमिकता से कार्य किया जाए।
17 नवंबर से 21 नवंबर 2026 तक तीनों विधानसभा क्षेत्रों में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए रोल प्रेक्षक ने बताया कि इस अवधि में कुल 8,584 फार्म-6, 498 फार्म-7 एवं 750 फार्म-8 प्राप्त हुए हैं। उन्होंने इस प्रगति को अपेक्षा के अनुरूप न बताते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ प्रतिदिन समीक्षा करें, निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करें तथा बूथवार रैंडम निरीक्षण कर अभियान की वास्तविक प्रगति का आकलन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने लक्ष्य एवं दायित्वों की जानकारी होनी चाहिए तथा प्रत्येक कार्यक्रम को गंभीरता एवं जिम्मेदारी से संचालित किया जाए।
21 नवंबर 2026 को आयोजित विशेष अभियान के दौरान जनपद में कुल 4,558 फार्म-6, 438 फार्म-7 एवं 555 फार्म-8 प्राप्त हुए। रोल प्रेक्षक ने विशेष अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि अभियान का लाभ अधिकाधिक पात्र नागरिकों तक पहुंचाया जाए तथा मतदाता पंजीकरण से संबंधित कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक के उपरांत आयुक्त, कानपुर मंडल, कानपुर एवं रोल प्रेक्षक ने विधानसभा क्षेत्र 198-कन्नौज के गोमती देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज, कन्नौज स्थित मतदेय स्थल संख्या 235, 236, 237 एवं 238 का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने जनसंख्या के अनुपात में मतदाता पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित कर उसी के अनुरूप फार्म प्राप्त करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बीएलओ से बीएलओ ऐप पर लॉगिन कराकर कार्य की स्थिति एवं संबंधित जानकारियों का अवलोकन किया। उन्होंने पुनः निर्देशित किया कि 18-19 वर्ष आयु वर्ग के सभी पात्र युवाओं को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कहा कि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने की प्रक्रिया पारदर्शी, सरल एवं सुगम है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने नाम का पंजीकरण सुनिश्चित कराएं तथा निर्वाचन संबंधी अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) रतन सहित संबंधित अधिकारीगण एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

