लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की चर्चाओं ने अब बातचीत का रूप लेना शुरू कर दिया है। दोनों दलों ने सीटों के तालमेल पर चर्चा के लिए अपने-अपने नेताओं की जिम्मेदारी तय कर दी है। कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी वाड्रा समेत पांच नेताओं की समिति बनाई गई है, जबकि सपा ने रामगोपाल यादव की अगुवाई में चार सदस्यीय कमेटी गठित की है। इससे दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर औपचारिक बातचीत का रास्ता खुल गया है।
कांग्रेस ने गठबंधन की बातचीत के साथ ही चुनावी तैयारियां भी तेज कर दी हैं। पार्टी दिसंबर के पहले सप्ताह से प्रदेश में चुनावी सभाएं शुरू करने की तैयारी में है। इन सभाओं में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी शामिल होंगे। पार्टी नेतृत्व ने प्रदेश संगठन को रैलियों और चुनावी कार्यक्रमों की तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
प्रियंका समेत पांच नेता रखेंगे कांग्रेस का पक्ष
सीटों के बंटवारे पर सपा से बातचीत के लिए कांग्रेस ने पांच सदस्यीय समिति बनाई है। इसमें प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, इमरान मसूद और मोना तिवारी को शामिल किया गया है। यह समिति तय करेगी कि कांग्रेस किन सीटों पर दावेदारी करेगी और उन सीटों को मांगने के पीछे पार्टी का आधार क्या होगा। कांग्रेस की रणनीति उन विधानसभा क्षेत्रों पर जोर देने की है, जहां पिछले चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन अपेक्षाकृत बेहतर रहा था। पार्टी ने सपा को 181 संभावित विधानसभा सीटों की सूची भी सौंपी है। कांग्रेस इन सीटों पर अपने दावे के समर्थन में चुनावी प्रदर्शन और स्थानीय समीकरणों को आधार बनाएगी।
रामगोपाल यादव की अगुवाई में सपा की कमेटी
दूसरी ओर समाजवादी पार्टी ने भी गठबंधन के तहत सीटों के समझौते के लिए चार सदस्यीय समिति गठित की है। इसमें राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा चैधरी को शामिल किया गया है। यह समिति कांग्रेस समेत इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ सीटों के तालमेल पर बातचीत करेगी। सपा की ओर से सीटों के चयन में जीत की संभावना को आधार बनाने की बात कही गई है। पार्टी का कहना है कि प्रत्याशियों की पसंद के बजाय उनकी योग्यता और चुनाव जीतने की क्षमता को प्राथमिकता दी जाएगी।
नवंबर के अंत तक संगठनात्मक कमेटियां घोषित करने की तैयारी
कांग्रेस नेतृत्व ने प्रदेश में चुनाव संचालन और संगठन को लेकर भी तैयारी तेज कर दी है। नई दिल्ली में हुई बैठक में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी और उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं ने चुनावी रणनीति पर चर्चा की। बैठक में प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चैधरी भी मौजूद रहे। बैठक में नवंबर के अंत तक चुनाव से जुड़ी सभी कमेटियां घोषित करने और दिसंबर से जनसभाएं शुरू करने की तैयारी पर चर्चा हुई। कांग्रेस नेतृत्व ने वरिष्ठ नेताओं से रैलियों में समय देने की अपील की है। नेताओं ने चुनावी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का भरोसा दिया है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी कहा है कि पार्टी इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी और गठबंधन की जिम्मेदारी निभाएगी। ऐसे में अब दोनों दलों की कमेटियों के बीच होने वाली बातचीत से यह तय होगा कि गठबंधन का स्वरूप और सीटों का बंटवारा किस दिशा में आगे बढ़ता है।
कांग्रेस की पांच सदस्यीय कमेटी
- प्रियंका गांधी वाड्रा
- केसी वेणुगोपाल
- राजेंद्र पाल गौतम (प्रदेश प्रभारी)
- इमरान मसूद (कार्यकारी अध्यक्ष)
- मोना तिवारी
समाजवादी पार्टी की चार सदस्यीय कमेटी - रामगोपाल यादव (राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव)
- श्यामलाल पाल (प्रदेश अध्यक्ष)
- राजीव राय (सांसद)
- इकरा चैधरी (सांसद)

