फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) फतेहगढ में आज शनिवार को भी अतिक्रमण विरोधी अभियान जारी रहा। पुलमंडी से नवदिया तक का अतिक्रमण हटाया गया, जिससे लोगों में हड़कंप मच गया। इस दौरान अधिकारियों पर गरीबों का उत्पीड़न करने के आरोप भी लगाये गये।
बताते चलें कि आज शनिवार को नगर मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव व ईओ नगर पालिका रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में फतेहगढ़ के पुल मंडी में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। पुल मंडी नाले के पास बने सुनीता कनौजिया के मकान के बाहर का अतिक्रमण हटाया गया। सुनीता ने आरोप लगाया कि अन्य तमाम दुकानें और घर जो नाले के आगे बने हैं उन्हें नही गिराया गया। उसके पास में ही एक चार मंजिल भवन को भी नही छुआ गया। जिसमें दो मंजिल का नक्शा पास है जबकि चार मंजिल बना है। उसे भी छोड़ दिया गया, जबकि उनके मकान में भी भीतर तक चूना डाल दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि चार मंजिल के भवन स्वामी पर 21 लाख रूपये जुर्माना लगाया जा रहा है। इसके बाद जेसीबी ने शांति नगर स्थित शाशि प्रिंटिंग प्रेस के बाहर के अतिक्रमण को तोड़ दिया गया। इसी तरफ से जेसीबी चलते हुए नवदिया तक पंहुची। शान्ति नगर के निकट 14-14 मीटर सड़क दोनों तरफ ली गयी।
