‘‘बसपा के पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान तमाम समर्थकों के साथ सपा में शामिल’’
लखनऊ। (आवाज न्यूज ब्यूरो) हाथरस भगदड़ हादसे पर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक का नाम लिए बगैर कहा कि स्वास्थ्य विभाग के मंत्री जब अपना ‘पॉलिटिकल स्वास्थ्य’ बेहतर करने में लगे रहेंगे तो विभाग कौन देखेगा। उन्होंने कहा कि दरअसल स्वास्थ्य विभाग के मंत्री चाहते हैं कि मुख्यमंत्री हट जाएं और वह मुख्यमंत्री बन जाएं। तंज कसते हुए कहा कि सीएम ये बात जानते हैं कि वह मेरे पीछे पड़े हुए हैं इसीलिए विभाग को बजट नहीं दे रहे हैं।
वहीं बसपा के पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान के सपा में शामिल होने के अवसर पर पत्रकारों से अखिलेश यादव ने स्वास्थ्य मंत्री पर जमकर सियासी हमला बोला। आरोप लगाया कि यूपी में स्वास्थ्य सेवाएं खराब हो चुकी हैं। इमरजेंसी में भी इलाज नहीं मिलता है। फिर बोले, पता नहीं मंत्री जी कौन सी ‘पालिटिकिल विटामिन’ चाहते हैं। ये भी नहीं मालूम कि ऐसी कौन सी कटौती की जा रही है कि विभाग नहीं चल पा रहा है।
इस हादसे को बहस का मुद्दा न बनाने का अनुरोध करते हुए अखिलेश ने दुख जताया कि बड़े पैमाने पर गरीबों, महिलाओं व बच्चों की जान गई। सपा प्रमुख ने कहा कि ये कार्यक्रम कोई पहली बार नहीं हो रहा था। उन्होंने कहा कि जब इस तरह के आयोजन होते हैं तो कई बार ज्यादा भीड़ आ जाती है। कई बार आयोजकों को भी पता नहीं होता कि कितने लोग शामिल हो जाएंगे।
हादसे को साजिश मानने से इनकार करते हुए अखिलेश ने सवाल किया कि जिम्मेदार अधिकारियों को पहले क्यों नहीं भेजा गया। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे सरकार और प्रशासन इसका ध्यान रखेंगे क्योंकि किसी पर आरोप लगाने से कोई फायदा नहीं होगा। सोशल मीडिया पर बाबा के साथ चलाई जा रहीं तस्वीरों पर उन्होंने भाजपा पर इसे फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अभी कम हारे हैं। अगली बार पूरी तरह से हार जाएंगे।
बसपा के सहारनपुर से पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान ने बसपा छोड़ सपा का दामन थाम लिया। बृहस्पतिवार को सपा राज्य मुख्यालय में हाजी फजलुर्रहमान को सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सपा में शामिल किया। फजलुर्रहमान पार्षद भी रहे हैं और उन्होंने सहारनपुर से महापौर का चुनाव भी लड़ा था। उनके साथ बड़ी संख्या में बसपा कार्यकर्ताओं ने भी सपा की सदस्यता ली। अखिलेश यादव ने कहा कि सहारनपुर और आसपास के लोग बड़े स्तर पर सपा के साथ आए हैं। जब भी सपा सरकार आएगी तो सहारनपुर को एक्सप्रेस वे के जरिये लखनऊ से जोड़ेंगे।
