लखनऊ। (आवाज न्यूज ब्यूरो) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भीमराव आंबेडकर पर दिए गए बयान को लेकर देश के गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है। सपा मुखिया ने शाह के बयान को घोर आपत्तिजनक करार देते हुए कहा है कि जिनका मन विद्वेष से भरा हुआ है, वो क्या देश चलाएंगे। अखिलेश ने यह भी कहा कि भाजपाई बाबासाहेब के संविधान को अपना सबसे बड़ा विरोधी मानते हैं।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि जिनका मन ‘विद्वेष’ से भरा है, वो ‘देश’ क्या चलाएँगे। आज जो हुआ वो सिर्फ़ बाबासाहेब का ही नहीं, उनके दिये संविधान का भी अपमान है। ये भाजपा की नकारात्मक मानसिकता का एक और चरम बिंदु है। देश ने आज जान लिया है कि भाजपाइयों के मन में बाबासाहेब को लेकर कितनी कटुता भरी है। उन्होंने कहा कि भाजपाई बाबासाहेब के बनाये संविधान को अपना सबसे बड़ा विरोधी मानते हैं क्योंकि उनको लगता है कि वो जिस प्रकार गरीब, वंचित, दमित का शोषण करके उनके ऊपर अपना प्रभुत्व कायम करना चाहते हैं, उनकी इस बद मंशा के आगे संविधान ढाल बनकर खड़ा है। घोर निंदनीय! घोर चिंतनीय! घोर आपत्तिजनक! जन-जन कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा!
राज्यसभा में संविधान के 75 साल पूरे होने पर चर्चा के दौरान अमित शाह ने कहा, ’अभी एक फैशन हो गया है – आंबेडकर, आंबेडकर, आंबेडकर, आंबेडकर, आंबेडकर, आंबेडकर। इतना नाम अगर भगवान का लेते तो 7 जन्मों तक स्वर्ग मिल जाता।’ शाह ने आगे कहा, ’100 बार और नाम लीजिए, लेकिन मैं जानना चाहता हूं कि आपके मन में उनके लिए क्या भावना है?’ गृह मंत्री के इस बयान पर कांग्रेस सहित विपक्षी दलों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने तंज कसते हुए कहा, ’जो मनुस्मृति का पालन करते हैं, उन्हें स्वाभाविक रूप से आंबेडकर से परेशानी होगी।’ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी शाह पर निशाना साधा है।
