कन्नौज : जलमग्न है तिर्वा कोतवाली का प्रवेश मार्ग, प्रीतम सागर भी खतरे में

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। तिर्वा में कोतवाली रोड पर जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। बारिश के कारण सड़क पर कीचड़ और गड्ढे बन गए हैं। यहां जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।

ठठिया चौराहे से कोतवाली होते हुए तालग्राम और गुरसहायगंज की ओर जाने वाली सड़क पर स्थिति बदतर है। चौराहे के पास स्थित डीएन इंटर कॉलेज के निकट से गुजरने वाले नाले को लोगों ने बंद कर दिया है। इसके कारण बारिश के समय पानी निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा है।

जलभराव के कारण फरियादियों का कोतवाली तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। तालग्राम और गुरसहायगंज जाने वाले वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पैदल चलने वाले लोग भी इस मार्ग से गुजरने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं।

इस समस्या को लेकर तिर्वा निवासी समाजवादी पार्टी के नेता अंशुल गुप्ता ने 21 जुलाई को समाधान दिवस में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन को प्रार्थना पत्र सौंपा था। उन्होंने जलभराव की समस्या का समाधान कराने की मांग की थी।

लेकिन 10 दिन बीत जाने के बाद भी इस समस्या का निस्तारण नहीं हो सका है।

इसके अलावा, तिर्वा के मां अन्नपूर्णा मंदिर परिसर के निकट स्थित ऐतिहासिक स्थल प्रीतम सागर भी खतरे में है। देखरेख के अभाव में यह स्थल पहले से ही जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है। नाला बंद होने के कारण स्थानीय लोगों ने बरसात का पानी प्रीतम सागर की ओर मोड़ दिया है।

अब यह पानी ऐतिहासिक स्थल के अंदर पहुंच रहा है। इससे कभी भी यह स्थल धराशायी हो सकता है। अगर समय रहते बरसाती पानी के निकासी का प्रबंध नहीं किया गया तो निश्चित रूप से इस ऐतिहासिक धरोहर को नुकसान पहुंचेगा।