बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। राजकीय महिला महाविद्यालय बांगर कन्नौज में प्राचार्य रीतू सिंह के निर्देशन में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती वर्ष एवं 5वें जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में 1 नवंबर से 15 नवंबर तक विविध कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इस पखवाड़े भर चलने वाली गतिविधियों का उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा के अद्वितीय योगदान, संघर्ष एवं जनकल्याण के प्रति समर्पण को जन जन तक पहुंचाना है। जनजाति गौरव वर्ष के अंतर्गत आज महाविद्यालय में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम साथ ही उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए प्राचार्य ने कहा कि इस जयंती का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समुदायों के समृद्ध इतिहास, संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाना है। एक धार्मिक और सामाजिक सुधारक के रूप में, उन्होंने जनजातीय समाज को कुरीतियों से मुक्त करने और उनमें एकता की भावना भरने का काम किया। कार्यक्रम संयोजक डॉक्टर नेहा मिश्रा द्वारा इस पखवाड़े भर महाविद्यालय में हुए समस्त कार्यों की आख्या प्रस्तुत की गई जिसमें उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में भगवान बिरसा मुंडा एवं आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों से संबंधित विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, साथ ही उनके सम्मान में एक विशेष सभा का आयोजन किया गया, अन्य कार्यक्रमों के दौरान भगवान बिरसा मुंडा एवं आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों से संबंधित डॉक्युमेंट्री का डिजिटल माध्यम से छात्राओं के समक्ष प्रदर्शन किया गया, उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व एवं जनजाति जीवन शैली, परंपराओं आदि विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया, इसी श्रृंखला में भगवान बिरसा मुंडा एवं आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों से संबंधित कहानी, कविता एवं विचार प्रस्तुतीकरण का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया जिससे महाविद्यालय की समस्त छात्राएं लाभान्वित हुई। प्राचार्य द्वारा समस्त कार्यों की सराहना की गई और छात्राओं को सदैव इस प्रकार की गतिविधियों में भाग लेने हेतु प्रेरित किया गया। महाविद्यालय से अंबरीन फातिमा, डॉ नेहा मिश्रा, अजीत कुमार सिंह एवं किरण ने उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाया।

