बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता ने बताया कि जनपद कन्नौज में वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत फाइलेरिया रोग की रोकथाम एवं इससे होने वाली विकलांगता को कम करने के उद्देश्य से विशेष रुग्णता प्रबंधन एवं दिव्यांगता रोकथाम किट वितरण कैम्पों का आयोजन किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य हाथीपाँव से पीड़ित रोगियों को नियमित स्वच्छता, सावधानियों एवं व्यायाम की सही विधियों से अवगत कराकर उनकी जीवन गुणवत्ता में सुधार लाना है।
उन्होंने बताया कि विगत दिनांक 14 नवम्बर को नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, कुतलूपुर (ब्लॉक कन्नौज) में आयोजित कैम्प में 17 चिन्हित हाथीपाँव के रोगियों को एमएमडीपी किट प्रदान की गई। इसी क्रम में आज आयुष्मान मंदिर, जलालाबाद प्रथम (ब्लॉक जलालाबाद) में आयोजित कैम्प में 07 रोगियों को किट वितरित की गई। प्रत्येक किट में बाल्टी, मग, तौलिया, साबुन, टब एवं एंटी-फंगल क्रीम शामिल है, जिसका उपयोग फाइलेरिया की जटिलताओं को रोकने और सूजन नियंत्रित करने में सहायक है।
कैम्पों के दौरान जिला मलेरिया अधिकारी एवं मलेरिया निरीक्षकों द्वारा रोगियों को किट के सही प्रयोग, पैरों की नियमित सफाई के तरीके, सूजन कम करने के उपाय, व्यायाम की तकनीकें तथा रोग की स्थिति को बिगड़ने से रोकने हेतु आवश्यक जानकारी विस्तारपूर्वक प्रदान की गई। रोगियों को यह भी बताया गया कि नियमित देखभाल से हाथीपाँव की समस्या पर प्रभावी ढंग से नियंत्रण किया जा सकता है तथा जीवनशैली में सुधार लाया जा सकता है।डॉ. स्वदेश गुप्ता ने जनपद वासियों से अपील की कि फाइलेरिया से संबंधित किसी भी लक्षण के प्रकट होने पर वे तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र से संपर्क करें और वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए विभाग द्वारा संचालित कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ऐसे जनोपयोगी प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
