फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। भोजपुर विधानसभा के ग्राम पाहला में भोजपुर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह यादव के संयोजन में समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव की अध्यक्षता में एस आई आर पर चुनाव आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में विस्तृत एवं गहन चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि फिर फील्ड वेरिफिकेशन के दौरान कई स्थानों पर मतदाताओं के वोट इस ग्राम से हटकर दूसरे ग्राम में स्थानांतरित हो गए हैं, जिस पर समाजवादी पार्टी ने घोर आपत्ति दर्ज की। जिला अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुपालन में शासन-प्रशासन द्वारा लगाए गए बीएलओ से अनुरोध है कि वे पूर्ण निष्पक्षता के साथ वोट बनाएं और प्रत्येक मतदाता को सही बूथ आवंटित करें। उन्होंने समाजवादी पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि यदि कहीं भी वोट न बनाए जाने, हटाए जाने या किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायत मिलती है तो तत्काल विधानसभा अध्यक्ष को अवगत कराएं, ताकि वह सूचना जिला नेतृत्व तक पहुंचाकर शासन-प्रशासन से उचित कार्रवाई सुनिश्चित करा सकें।
इस अवसर पर जिला महासचिव इलियास मंसूरी, पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, विशेष आमंत्रित सदस्य प्रदेश कार्यकारिणी विजय यादव, भोजपुर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह यादव, छात्र सभा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अखिल कठेरिया, शीलू खान, आदिलोक सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
एस आई आर प्रक्रिया पर समाजवादी पार्टी का गहन मंथन

