बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) शासन द्वारा निर्गत निर्देशों के अनुपालन में रबी फसलों के दृष्टिगत उर्वरकों की निर्बाध उपलब्धता, निर्धारित मूल्य पर पी०ओ०एस० मशीन के माध्यम से पारदर्शी बिक्री सुनिश्चित कराने हेतु कृषि विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों की संयुक्त टीमें गठित की गईं।
उप निदेशक कृषि को तहसील कन्नौज आवंटित करते हुए आज फुटकर उर्वरक विक्रेताओं, बफर गोदामों, सहकारी समितियों एवं निजी प्रतिष्ठानों पर एक साथ औचक निरीक्षण/छापेमारी करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान निम्नलिखित समितियों का सत्यापन किया गया
1. साधन सहकारी समिति, बलईपुर, सरायमीरा, कन्नौज
उप निदेशक कृषि संतोष कुमार द्वारा साधन सहकारी समिति बलईपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय मुख्य कार्यकारी अधिकारी (मत्स्य), अपर जिला कृषि अधिकारी, अपर जिला सहकारी अधिकारी एवं समिति के सचिव उपस्थित रहे।
पी०ओ०एस० मशीन से स्टॉक का मिलान करने पर एन०पी०के० 12:32:16 (इफको) 0.50 मी०टन, एन०पी०के० 19:19:19 (पीपीएल) 6.40 मी०टन, एन०पी०के० 20:20:0:13 (आरसीएफ) 16.45 मी०टन, एम०ओ०पी० (ओपीआईएल) 6.35 मी०टन, यूरिया (आरसीएफ) 0.18 मी०टन तथा यूरिया (इफको) 8.055 मी०टन अंकित पाया गया, जबकि भौतिक सत्यापन में यूरिया (आरसीएफ) 0.20 मी०टन एवं यूरिया (इफको) मात्र 0.015 मी०टन ही उपलब्ध पाई गई तथा स्टॉक में यूरिया के 170 बैग कम पाए गए।
पॉश मशीन में दर्ज स्टॉक एवं भौतिक स्टॉक में भारी अंतर पाए जाने पर समिति सचिव द्वारा कोई संतोषजनक उत्तर प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इससे उर्वरक की कालाबाजारी किए जाने की प्रबल आशंका प्रतीत हुई। प्रकरण में सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता को आवश्यक कार्यवाही हेतु पत्र निर्गत किया गया।
2. साधन सहकारी समिति, खैरनगर, उमर्दा, कन्नौज
समिति के संबंध में कृषकों द्वारा शिकायत प्राप्त हुई थी कि समिति में खाद सीधे न पहुंचाकर अन्यत्र भेजी जाती है। शिकायत के क्रम में उप निदेशक कृषि द्वारा सहकारी समिति खैरनगर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय मुख्य कार्यकारी अधिकारी (मत्स्य), अपर जिला कृषि अधिकारी, समिति अध्यक्ष एवं सचिव उपस्थित रहे।
पी०ओ०एस०(पॉश)मशीन पर यूरिया (आरसीएफ) 0.045 मी०टन, यूरिया (एच सीआरएल) 1.26 मी०टन, यूरिया (मेट्रिक्स) 2.115 मी०टन एवं यूरिया (इफको) 27.63 मी०टन अंकित पाया गया, जबकि भौतिक सत्यापन में यूरिया (एच यू आर एल) 1.26 मी०टन एवं यूरिया (मैट्रिक्स) 2.115 मी०टन उपलब्ध नहीं पाई गई तथा स्टॉक में यूरिया के 62 बैग कम पाए गए।
वितरण रजिस्टर के आधार पर जिन कृषकों से दूरभाष पर संपर्क किया गया, उन्होंने बताया कि उन्हें रजिस्टर में अंकित मात्रा से कम उर्वरक प्राप्त हुआ है। कृषक राकेश कुमार को 02 बोरी, रज्जन को 01 बोरी, देवेश को 02 बोरी, रामरूप को 02 बोरी एवं बालकृष्ण को 02 बोरी ही दी गई, जबकि वितरण रजिस्टर में 05 बोरी अंकित की गई हैं।
इस संबंध में समिति सचिव एवं अध्यक्ष द्वारा कोई संतोषजनक उत्तर प्रस्तुत नहीं किया जा सका। निरीक्षण में अनियमितता एवं कालाबाजारी की पुष्टि होने पर सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता को आवश्यक कार्यवाही हेतु पत्र निर्गत किया गया।
उप निदेशक कृषि ने कहा है जनपद प्रशासन द्वारा उर्वरक वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आगे भी इस प्रकार की सघन जांच एवं निरीक्षण की कार्यवाही जारी रहेगी।
