फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो) जहानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम खलासपुर जरारी में एक पारिवारिक विवाद उस समय खूनी रूप ले बैठा, जब 25 वर्षीय विवाहिता अमिता की उसके ही पति कंछेलाल ने चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी कंछेलाल अपनी पत्नी अमिता के कथित अवैध संबंधों को लेकर लंबे समय से संदेह और नाराजगी में था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। मंगलवार को भी इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में उग्र झगड़े में बदल गई।
आरोप है कि गुस्से से तिलमिलाए कंछेलाल ने घर में रखे चाकू से अमिता पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटें लगने से अमिता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की गहन जांच-पड़ताल की। उन्होंने बताया कि आरोपी को पकड़ लिया गया है तथा उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, घटना के बाद से मृतका के मायके पक्ष में भारी आक्रोश है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पति ने चाकू से की पत्नी की हत्या : परिजनों में कोहराम

