फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) जनपद में नशा मुक्त अभियान के तहत थाना कंपिल पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर तीन गांजा तस्करों को पांच ट्रॉली बैग में भरे 54 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 12 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
नशीले पदार्थों की बिक्री के उन्मूलन को लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज इस बड़ी कामयाबी का खुलासा अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान किया। उन्होंने बताया कि थाना कंपिल प्रभारी नितिन चौधरी अपनी टीम के साथ तथा एसओजी प्रभारी सचिन चौधरी अपनी टीम के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रहे थे। सूचना मिलते ही टीमों ने रणनीति बनाकर इलाके की घेराबंदी की और तस्करों को रंगे हाथों दबोच लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अंकित शुक्ला उर्फ शशांक निवासी अंबेडकर नगर कादरी गेट, आयुष निवासी नदकसा कादरी गेट तथा ओम जी निवासी नारायणपुर थाना मऊदरवाजा के रूप में हुई है। इनके कब्जे से पांच ट्रॉली बैग में रखा 54 किलो गांजा बरामद किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजे की बरामदगी से यह आशंका जताई जा रही है कि इसके पीछे किसी बड़े तस्करी रैकेट का हाथ हो सकता है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि गांजा कहां से मंगाया गया था और इसकी सप्लाई किन-किन जगहों पर की जानी थी।
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वे अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से बाहर के जनपदों से गांजा मंगवाते थे और फिर अपने स्तर पर इसकी बिक्री कर देते थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है। इस सफल कार्रवाई के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ने कंपिल पुलिस और एसओजी टीम को बधाई देते हुए कहा कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
कंपिल पुलिस व एसओजी की संयुक्त कार्यवाही : 12.50 लाख रू के 54 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

