‘‘उप जिलाधिकारी फर्रुखाबाद को सौंपा जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन,तीन दिन में कार्यवाही की मांग’’
फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। प्राइवेट स्कूलों के द्वारा एडमिशन फीस तथा बच्चों की कॉपी किताब एवं अन्य स्कूलों की सामग्री निर्धारित अपनी दुकानों से खरीदने के लिए अभिभावकों पर दबाव डाला जाता है और उनको मजबूर किया जाता है कि संबंधित दुकान से ही सारी वस्तुएं खरीदी जाए। इसको लेकर फर्रुखाबाद विकास मंच के जिला अध्यक्ष भईयन मिश्रा के नेतृत्व में अभिभावक एवं समाज के जागरूक लोग बहुत बड़ी संख्या में जिलाधिकारी कार्यालय फतेहगढ़ पहुंचे और जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन अवकाश होने के कारण उप जिलाधिकारी फर्रुखाबाद को दिया।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से 6 मांगे रखी गई हैं। इसमें कहा गया है कि हर हालत में प्राइवेट स्कूलों में चल रही जबरदस्त लूट को बंद किया जाए। सारे जनपद के प्रत्येक स्कूल में एनसीईआरटी के द्वारा संचालित पुस्तकों का ही संचालन किया जाए। प्राइवेट पब्लिकेशंस की कोई भी पुस्तक विद्यालय में ना पढ़ाई जाए। प्रतिवर्ष प्रवेश शुल्क के नाम पर वसूली बंद की जाए जो छात्रों से फीस प्रतिमाह ली जाती है। उसकी पूरी जानकारी रसीद देते समय दी जाए। किस किस मद में कितनी फीस ली जा रही है। यदि ऐसा नहीं होता है तो सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन देने के बाद फर्रुखाबाद विकास मंच के जिला अध्यक्ष भईयन मिश्रा ने कहा कि पूरे जनपद के हाल बहुत खराब हैं। प्रत्येक प्राइवेट स्कूल जबरदस्त तरीके से धनउगाही में लगा हुआ है। गरीब परिवार बच्चों को मुश्किल से पढ़ा पा रहे हैं। आज के समय नर्सरी के बच्चे की पढ़ाई का एक वर्ष का स्कूल का खर्चा एक लाख रुपए से अधिक है। ऐसे में मध्यम वर्गीय परिवारों की कमर टूटी जा रही है। इस पर रोक लगनी चाहिए। लूट के अड्डे बंद होने चाहिए। प्रशासन को आज अल्टीमेटम दे दिया गया है। यदि तीन दिनों में ज्ञापन में कहीं बातों पर कार्रवाई नहीं होती है तो चौक पर धरना दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बड़ा दुर्भाग्य है कि जनपद के सभी सांसद एवं विधायक चाहे सत्ता पक्ष हो या विपक्ष के नेता हों सब आंख बंद और कानों में तेल डाले बैठे हैं। जनता खुलेआम लूटी जा रही है। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला महामंत्री अंगद पांडे ने कहा, जिला प्रशासन तत्काल इस सब कार्यों पर रोक लगाए नहीं तो आम आदमी का जीना दुश्वार हो जाएगा। क्योंकि स्कूलों में पढ़ाई ना के बराबर होती है। लेकिन स्टेटस सिंबल दिखाने के चक्कर में अभिभावकों की जेब पर डाका डाला जा रहा है जो स्वीकार नहीं होगा।
ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से राजा मिश्रा, ओमनिवास पाठक, निश्चित दुबे उर्फ निशु , डॉ पंकज राठौर अवनीश त्रिवेदी उर्फ माधव सभासद बाबू अग्निहोत्री, सभासद उमेश जाटव, रजत वर्मा ,आयुष सक्सेना, अभिषेक श्रीवास्तव सनी बाथम, राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष विष्णु मिश्रा, शिवांग बाजपेई, सुमित भल्ला, महेश चंद्र, बंटी यादव, दीपक कनौजिया, कुलदीप दीक्षित, अजय मिश्रा, अनुज तिवारी, रंजीत दीक्षित, नितेश पांडे, शिव प्रताप सिंह, आदर्श सिंह, निलेश कुमार, कौशलेंद्र प्रताप सिंह, विजय कुमार, धीरेंद्र सिंह, अमल सिंह परिहार, जीतू वर्मा, चित्रांश कुमार, राजीव वर्मा सहित बहुत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
प्राइवेट स्कूलों की कार्यप्रणाली के खिलाफ फर्रुखाबाद विकास मंच ने खोला मोर्चा

